CrimeIndiaTrendingUttar Pradesh

पति से तलाक चाहती थी गुरप्रीत, राज खुलने के डर से बैंक मैनेजर प्रेमी ने मासूम अंगद का पगड़ी से मुंह दबाकर रेता गला

पति से तलाक चाहती थी गुरप्रीत, राज खुलने के डर से बैंक मैनेजर प्रेमी ने मासूम अंगद का पगड़ी से मुंह दबाकर रेता गला

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है जिसने प्रेम संबंधों की वेदी पर एक मासूम की बलि चढ़ा दी। बहसूमा थाना क्षेत्र में एचडीएफसी बैंक के एरिया मैनेजर अर्पित पाराशर ने अपनी प्रेमिका गुरप्रीत कौर के छह साल के इकलौते बेटे अंगदवीर की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी को डर था कि मासूम ने उसे अपनी मां के साथ देख लिया है और वह इस राज को अपने पिता या दादी के सामने खोल देगा। इसी खौफ के चलते शातिर बैंक मैनेजर ने मासूम को घड़ी दिलाने का झांसा देकर अगवा किया और हस्तिनापुर के जंगलों में ले जाकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शव बरामद कर लिया है।

मासूम ने देख लिया था राज, कलयुगी मां के प्रेमी के उड़ गए थे होश

पुलिस पूछताछ में आरोपी अर्पित पाराशर ने जो खुलासे किए हैं, वे बेहद चौंकाने वाले हैं। आरोपी अर्पित हापुड़ में एचडीएफसी बैंक का एरिया मैनेजर है और उसकी शादी महज छह महीने पहले ही हुई थी। इस बीच उसका प्रेम प्रसंग रामराज की रहने वाली गुरप्रीत कौर से चल रहा था। रविवार को अर्पित अपनी प्रेमिका गुरप्रीत से मिलने उसके घर गया था। इसी दौरान मासूम अंगदवीर ने दोनों को एक साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। आरोपी को डर सताने लगा कि छह साल का बच्चा अपनी दादी बलजिंदर कौर या विदेश में रहने वाले पिता को सब कुछ सच-सच बता देगा। इसी राज के खुलने के डर से उसने मासूम को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रच डाली।

वैगनआर कार से अगवा कर 24 किमी दूर ले गया, तड़पाकर मार डाला

बीते मंगलवार को आरोपी अर्पित अपनी वैगनआर कार लेकर गुरप्रीत के घर के बाहर पहुंचा। उसने अंगदवीर को नई घड़ी दिलाने का लालच दिया और कार में बैठाकर फरार हो गया। जब बच्चा घर के बाहर नहीं दिखा तो दादी बलजिंदर कौर ने बहसूमा थाने में अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो उसमें अर्पित बच्चे को कार में ले जाता हुआ साफ दिखाई दिया। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को मीरापुर के भूमा रोड से हिरासत में ले लिया। कड़ाई से पूछताछ में अर्पित पूरी तरह टूट गया और उसने कुबूल किया कि वह बच्चे को 24 किलोमीटर दूर हस्तिनापुर के भद्रकाली मंदिर के पास वन क्षेत्र में ले गया था।

अपनी ही पगड़ी बनी काल, हाथ की नस काटने के बाद रेता गला

वारदात के तरीके को बयां करते हुए आरोपी ने बताया कि वन क्षेत्र के सन्नाटे में उसने मासूम अंगदवीर पर हमला किया। बच्चे की चीख-पुकार आसपास न गूंजे, इसके लिए दरिंदे ने मासूम की ही पगड़ी से उसका मुंह और चेहरा पूरी तरह कसकर बंद कर दिया। इसके बाद उसने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए पहले चाकू से मासूम के हाथ की नस काटी और फिर बेरहमी से उसका गला रेतकर उसे तड़पा-तड़पाकर मार डाला। हत्या करने के बाद उसने शव को झाड़ियों में फेंक दिया और फरार हो गया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर जाकर घटनास्थल से शव और महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं।

8 घंटे तक पुलिस को नहर में भटकाता रहा शातिर हत्यारा

गिरफ्तारी के बाद शातिर बैंक मैनेजर करीब आठ घंटे तक पुलिस और तफ्तीश टीम को लगातार गुमराह करता रहा। उसने पहले झूठ बोला कि उसने अंगदवीर को परीक्षितगढ़ क्षेत्र के पुट्ठी गांव के पास नहर में फेंक दिया है। बुधवार सुबह से ही पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमें नहर के ठंडे पानी में बच्चे को तलाशती रहीं। जब पुलिस ने सख्ती दिखाई तो शाम को उसने सच उगला कि शव हस्तिनापुर के पास झाड़ियों में है, जिसके बाद शाम करीब पांच बजे पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

विदेश से लौटे पति से तलाक चाहती थी गुरप्रीत, बच्चे को कभी नहीं पिलाया दूध

इस मामले में मृतका के बाबा दिलबाग सिंह ने रुंधे गले से बताया कि उनका भतीजा गुरुसेवक पिछले छह साल से सऊदी अरब में ट्रक चलाता है और छह महीने पहले ही घर आया था। उसकी पत्नी गुरप्रीत कौर शुरू से ही अजीब बर्ताव करती थी। उसने अपने इकलौते बेटे को कभी अपना दूध तक नहीं पिलाया, उसका पालन-पोषण उसकी छोटी बुआ नवनीत कौर ने किया था। सिंगापुर से लौटने के बाद से ही गुरप्रीत लगातार परिवार पर तलाक (फैसले) के लिए दबाव बना रही थी। वह पांच दिन पहले ही बच्चे को लेकर नजीबाबाद से रामराज आई थी। पुलिस अब इस मामले में कलयुगी मां गुरप्रीत कौर को भी हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है कि क्या इस खौफनाक हत्याकांड में उसकी भी मर्जी या संलिप्तता शामिल थी।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply