Katihar viral video: बिहार के कटिहार जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है. यहां एक नाबालिग लड़का और लड़की के साथ हैवानियत की हदें पार कर दी गईं. मामला कुर्सेला थाना क्षेत्र के गंगा नदी पार स्थित गोबराही दियारा इलाके का है. यहां गांववालों ने दोनों लड़कालड़की को कथित रूप से आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था. इसके बाद लड़के को सरेआम अपमानित करते हुए उसका आधा सिर मुंडवा दिया गया और पूरे गांव में घुमाया गया. फिर दोनों की जबरन शादी करवा दी गई.

बताया जा रहा है कि घटना कुछ दिन पहले की है, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद मामला पुलिस के पास अब पहुंचा है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि गांव के कुछ लोग किशोर को पकड़कर उसका सिर मुंडवा रहे हैं, जबकि आसपास भारी भीड़ जमा है. इसके बाद किशोर को गांव में घुमाया गया. वहीं ग्रामीणों ने दोनों नाबालिगों की जबरन शादी भी करा दी.
पुलिस ने एक शख्स को किया अरेस्ट
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू कर दी गई. पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए किशोरी के एक परिजन को गिरफ्तार किया है. वहीं अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी. दक्षिणी मुरादपुर पंचायत के मुखिया ललन राम ने घटना पर गहरा दुख और नाराजगी जताई है. उन्होंने कहा कि वार्ड सदस्य के माध्यम से उन्हें इस घटना की जानकारी मिली थी. उन्होंने साफ कहा कि नाबालिग बच्चों के साथ इस तरह का व्यवहार पूरी तरह गैरकानूनी और अमानवीय है. पंचायत या ग्रामीणों को किसी को इस तरह सजा देने का अधिकार नहीं है.
क्या बोले अधिकारी?
वहीं कोढ़ा पुलिस अनुमंडल के डीएसपी रंजन सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की. मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और बाकी लोगों की पहचान की जा रही है. उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जो भी लोग इस घटना में शामिल पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट करन कुमार



