CrimeIndia

​शीशे में हाथ फंसाए, कार की छत पर लटकाया, डेढ़ KM तक ले जाकर कुचला… CCTV में कैद कानपुर की खौफनाक वारदात

Kanpur News: कानपुर में एक युवक की मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि दशहरा मेला देखकर घर लौट रहे बीरू सिंह भदौरिया को कुछ लोगों ने पहले कार से टक्कर मारी, फिर उन्हें गाड़ी की छत पर डाल दिया. इसके बाद उनके दोनों हाथ कार की खिड़कियों में फंसाकर शीशे बंद कर दिए और गाड़ी दौड़ा दी. आरोप है कि करीब डेढ़ किलोमीटर तक बीरू सिंह को इसी हालत में ले जाया गया. बाद में उन्हें सड़क पर गिराकर कार से कुचल दिया गया. गंभीर रूप से घायल बीरू को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

​शीशे में हाथ फंसाए, कार की छत पर लटकाया, डेढ़ KM तक ले जाकर कुचला… CCTV में कैद कानपुर की खौफनाक वारदात

फूड कंपनी में सेल्समैन थे बीरू

बीरू सिंह भदौरिया हनुमंत विहार थाना क्षेत्र के अर्रा के रहने वाले थे. वह एक फूड प्रोडक्ट कंपनी में सेल्समैन का काम करते थे. परिवार में पत्नी रीना, दो बेटियां सीवी और ईशानी, बेटा विराज, पिता राम शंकर सिंह और बड़े भाई कुलदीप सिंह भदौरिया हैं. परिजनों के मुताबिक, कुछ दिन पहले बीरू का खाड़ेपुर नई बस्ती के रहने वाले राजवीर और मेवालाल से विवाद हुआ था. परिवार का आरोप है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते बीरू को निशाना बनाया गया.

रास्ते में रोका, फिर कार से टक्कर मारी

परिवार के मुताबिक, बीते मंगलवार रात बीरू दशहरा मेला देखकर घर लौट रहे थे. इसी दौरान मेवालाल कार लेकर वहां पहुंचा. गाड़ी में राजवीर समेत तीन अन्य लोग भी सवार थे. आरोपियों ने बीरू को रास्ते में रोककर उनके साथ मारपीट की. जान बचाने के लिए बीरू ने भागने की कोशिश की, लेकिन उन्हें कार से टक्कर मार दी गई. इसके बाद आरोपियों ने बीरू को कार की छत पर डाल दिया. उनके दोनों हाथ खिड़कियों में फंसा दिए गए और शीशे बंद कर कार तेज रफ्तार में दौड़ा दी गई. बीरू इसी हालत में छत पर फंसे रहे.

डेढ़ किलोमीटर तक कार से ले जाने का आरोप

आरोप है कि कार सवार बीरू को करीब डेढ़ किलोमीटर तक लेकर गए. राजेंद्र नगर में अश्वनी ट्रेडिंग कंपनी के पास उन्हें सड़क पर गिरा दिया गया. इसके बाद कार उनके ऊपर भी चढ़ा दी गई. इस घटना में बीरू के शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आईं और उनके हाथों की उंगलियां भी बुरी तरह कुचल गईं. घटनास्थल के पास से गुजर रहे देवेंद्र सिंह चौहान ने बीरू को पहचान लिया और परिवार को सूचना दी. परिजन उन्हें पहले निजी अस्पताल ले गए. हालत गंभीर होने पर उन्हें हैलट अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.

ACP ने दी जानकारी

इस मामले में CCTV फुटेज को अहम माना जा रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक, दो दर्जन से ज्यादा कैमरों में कार की आवाजाही और घटना से जुड़े दृश्य कैद हुए हैं. परिजनों ने फुटेज के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. ACP नौबस्ता अभिषेक कुमार राहुल ने बताया कि हनुमंत विहार थाने में मृतक के बड़े भाई की ओर से तहरीर दी गई है. शिकायत में छोटे भाई की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत होने की बात कही गई है. इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और विवेचना जारी है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply