
प्रयागराज, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में लगातार हो रही भारी बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी है। जगहजगह जलभराव के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात अब रेलवे स्टेशन और ट्रैक तक पहुंच गए हैं।
रामबाग रेलवे स्टेशन के तीनों प्लेटफॉर्म पानी में डूबने के कारण वहां से ट्रेनों का संचालन फिलहाल बंद कर दिया गया है। स्टेशन परिसर में पानी भरने से यात्रियों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बारिश के कारण शहर के निचले इलाकों में स्थिति और खराब होती जा रही है।
रामबाग स्टेशन के तीनों प्लेटफॉर्म जलमग्न
भारी बारिश के बाद रामबाग रेलवे स्टेशन पूरी तरह जलभराव की चपेट में आ गया। प्लेटफॉर्मों पर पानी भर जाने के चलते सुरक्षा को देखते हुए तीनों प्लेटफॉर्म से ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया है। इससे यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।
रिवरफ्रंट रोड पर पानी के तेज बहाव में डूबी कार
इधर, बक्शी बांधदरागंज क्षेत्र की रिवरफ्रंट रोड पर बड़ा हादसा होतेहोते बच गया। फाफामऊ से संगम की ओर जा रही एक कार जलभराव और तेज बहाव की चपेट में आकर पानी में डूब गई। कार सवार लोगों ने समय रहते किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। हादसे की सूचना मिलते ही जल पुलिस सक्रिय हुई और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। हाइड्रा की मदद से डूबी कार को पानी से बाहर निकाला गया।
जलभराव वाले इलाकों में जाने से बचने की अपील
बारिश और जलभराव को देखते हुए प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। लोगों से जलभराव और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की जा रही है। शहर के निचले इलाकों में जल निकासी की व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।


