BusinessIndia

​वाईएस जगन मोहन रेड्डी और वाईएस शर्मिला के पास कितनी है संपत्ति, दोनों के बीच चल रहा प्रॉपर्टी विवाद

आंध्र प्रदेश की राजनीति में पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी और उनकी बहन वाईएस शर्मिला रेड्डी के बीच चल रहा विवाद एक बार फिर चर्चा में है. इस बार मामला सिर्फ राजनीति का नहीं, बल्कि करोड़ों रुपये की संपत्ति और परिवार की प्रॉपर्टी के बंटवारे का है. दोनों के बीच बेंगलुरु के येलहंका स्थित एक आलीशान प्रॉपर्टी को लेकर विवाद गहराता जा रहा है. हालात ऐसे हैं कि अब मामला कोर्ट तक पहुंच गया है. ऐसे में आइए समझते हैं कि जगन रेड्डी और शर्मिला के पास कितनी संपत्ति है, उनके नाम पर कितनी जमीन और मकान हैं और आखिर दोनों के बीच विवाद की वजह क्या है.

​वाईएस जगन मोहन रेड्डी और वाईएस शर्मिला के पास कितनी है संपत्ति, दोनों के बीच चल रहा प्रॉपर्टी विवाद

2024 के विधानसभा चुनाव में दाखिल हलफनामे के मुताबिक, वाईएस जगन मोहन रेड्डी और उनके परिवार की कुल घोषित संपत्ति करीब 757.65 करोड़ रुपये है. इसमें उनकी पत्नी और आश्रितों की संपत्ति भी शामिल है. वहीं, कुल देनदारी करीब 37.04 करोड़ रुपये घोषित की गई है. MyNeta पर उपलब्ध हलफनामे के मुताबिक, जगन के परिवार के पास कृषि भूमि, गैरकृषि जमीन, रिहायशी मकान और दूसरी अचल संपत्तियां हैं.

जगन के नाम पर 39.52 एकड़ कृषि भूमि इडुपुलापाया में दर्ज है. इसके अलावा कर्नाटक में भी जमीन है. हलफनामे में उनकी पत्नी वाईएस भारती रेड्डी के नाम पर भी बड़ी संपत्ति दर्ज है. परिवार की अचल संपत्ति का कुल मौजूदा बाजार मूल्य करीब 106.98 करोड़ रुपये बताया गया है. इसमें जगन के नाम पर करीब 46.78 करोड़ और भारती के नाम पर करीब 56.92 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है.

शर्मिला के पास कितनी है दौलत?

वाईएस शर्मिला रेड्डी ने 2024 के लोकसभा चुनाव में कडप्पा सीट से चुनाव लड़ते हुए अपने हलफनामे में करीब 132.56 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की थी. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, इसमें 123.26 करोड़ रुपये की चल और 9.29 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल थी. उनके पति एम. अनिल कुमार ने अलग से करीब 49.24 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की थी.

शर्मिला के नाम पर 39.41 एकड़ कृषि भूमि है. इसके अलावा करीब 3.34 लाख वर्गफुट गैरकृषि जमीन और इडुपुलापाया में रिहायशी संपत्ति भी दर्ज है. तेलंगाना के तेलापुर में एक विला भी उनके परिवार की संपत्तियों में शामिल है. उनके पास करीब 8.31 करोड़ रुपये के सोने और रत्नों के आभूषण भी हैं. खास बात यह है कि शर्मिला ने अपने हलफनामे में करीब 82.58 करोड़ रुपये का कर्ज अपने भाई जगन मोहन रेड्डी से और करीब 19.56 लाख रुपये का कर्ज भाभी वाईएस भारती रेड्डी से लेना बताया था.

येलहंका की प्रॉपर्टी को लेकर क्यों भिड़े भाईबहन?

दोनों के बीच विवाद की सबसे बड़ी वजह बेंगलुरु के येलहंका में स्थित पारिवारिक प्रॉपर्टी है, जिसे येलहंका पैलेस भी कहा जाता है. शर्मिला का दावा है कि जगन के मुख्यमंत्री बनने के बाद परिवार की संपत्तियों के बंटवारे में यह प्रॉपर्टी उनके और उनके बच्चों के हिस्से आई थी. दूसरी तरफ, जगन ने इस मकान में शादी समारोह आयोजित करने पर सुरक्षा और प्राइवेसी से जुड़ी चिंताएं जताई थीं. शर्मिला अपनी बेटी वाईएस अंजलि रेड्डी की शादी इसी मकान में कराना चाहती थीं. हालांकि, जगन की आपत्ति के बाद 31 अक्टूबर को शर्मिला ने शादी का वेन्यू बदल दिया.

अब कोर्ट तक पहुंचा संपत्ति का विवाद

22 नवंबर 2026 को बेंगलुरु की देवनहल्ली कोर्ट ने अंतरिम आदेश जारी करते हुए शर्मिला और उनके परिवार को विवादित येलहंका प्रॉपर्टी में जाने या वहां के कब्जे में दखल देने से रोक दिया. यह आदेश सिलिकॉन बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड की याचिका पर आया. कंपनी का दावा है कि वह लीज एग्रीमेंट के तहत इस प्रॉपर्टी के कब्जे में है. मामले की अगली सुनवाई 19 दिसंबर को होनी है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply