बॉलीवुड एक्टर ऋतिक रोशन फिटनेस और वेलनेस प्लेटफॉर्म Cult.fit में अपने निवेश से कुछ हिस्सा बेचने की तैयारी में हैं. जल्द ही प्लेटफॉर्म शेयर बाजार में उतरने की तैयारी कर रही है. सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ़ इंडिया के पास जमा किए गए ड्राफ़्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस के अनुसार, ऋतिक रोशन Cult.fit के प्रस्तावित इनिशियल पब्लिक ऑफ़रिंग के ‘ऑफ़र फ़ॉर सेल’ हिस्से के ज़रिए 6.33 लाख इक्विटी शेयर बेचेंगे. अपनी हिस्सेदारी का कुछ हिस्सा बेचने के बावजूद, एक्टर कंपनी में निवेशक बने रहेंगे.

4 हजार करोड़ का हो सकता है आईपीओ
बेंगलुरु स्थित फिटनेस और वेलनेस कंपनी ने 950 करोड़ रुपए के नए शेयर जारी करने का प्रस्ताव रखा है. वहीं, मार्केट के अनुमानों के मुताबिक, मौजूदा शेयरधारकों द्वारा OFS के जरिए शेयर बेचने से कुल इश्यू साइज लगभग 3,5004,000 करोड़ रुपए तक पहुंचने की उम्मीद है. ऋतिक रोशन कई सालों से Cult.fit से जुड़े हुए हैं एक निवेशक के तौर पर भी और अपने फिटनेस ब्रांड HRX के जरिए भी. कंपनी के साथ उनका जुड़ाव उस समय से है जब Cult.fit देश के ऑर्गनाइज़्ड फ़िटनेस मार्केट में अपने पैर पसार रही थी.
77 शहरों में 708 फिटनेस सेंटर
2016 में Myntra के पूर्व एग्जीक्यूटिव मुकेश बंसल और अंकित नागोरी द्वारा शुरू की गई Cult.fit, फिटनेस सेंटर्स की एक चेन से बदलकर एक इंटीग्रेटेड हेल्थ और वेलनेस प्लेटफॉर्म बन गई है. यह जिम, ग्रुप वर्कआउट, स्पोर्ट्सवियर, न्यूट्रिशन प्रोडक्ट्स और घर पर फिटनेस से जुड़े सॉल्यूशन प्रोवाइड कराती है. कंपनी अभी भारत के 77 शहरों में 708 फिटनेस सेंटर चलाती है और देश का सबसे बड़ा ऑर्गनाइज्ड फिटनेस और एक्टिव लाइफस्टाइल प्लेटफॉर्म बन गई है. वित्त वर्ष 2026 के दौरान, इसने ऑपरेशन्स से 1,720.6 करोड़ रुपए का रेवेन्यू दर्ज किया, जो सालदरसाल 36.3% की बढ़ोतरी दिखाता है, साथ ही इसके नुकसान में भी कमी आई है.
काफी दिनों से चल रही है तैयारी
एक पुरानी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, Cult.fit ने अपनी पब्लिक लिस्टिंग की तैयारी शुरू कर दी थी. इसके लिए उसने Axis Capital, Goldman Sachs, Jefferies, JM Financial और Morgan Stanley को बुकरनिंग लीड मैनेजर के तौर पर नियुक्त किया था. कंपनी को लंबे समय से भारत के सबसे बहुप्रतीक्षित कंज्यूमरटेक IPOs में से एक माना जाता रहा है. इसे Temasek, Accel, Kalaari Capital, Tata Digital और Zomato जैसे इन्वेस्टर्स का समर्थन प्राप्त है. DRHP के अनुसार, नए इश्यू से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल मुख्य रूप से Cult Elite और Cult Neo फ़िटनेस सेंटर्स का विस्तार करने, और Cultsport रिटेल स्टोर खोलने, कर्ज चुकाने, मार्केटिंग की कोशिशों को मजबूत करने और लीज से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने के लिए किया जाएगा.



