CrimeIndiaTrending

शेयर ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का लालच देकर महिला से ठगे 25 लाख रुपये, पति-पत्नी निकले मास्टरमाइंड; पुलिस ने किया गिरफ्तार..

शेयर ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का लालच देकर महिला से ठगे 25 लाख रुपये, पति-पत्नी निकले मास्टरमाइंड; पुलिस ने किया गिरफ्तार..

शेयर ट्रेडिंग में ज्यादा लाभ देने का झांसा देकर एक महिला से धोखाधड़ी करने वाले दंपत्ति को जामुल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियो ने ट्रेडिंग कंपनी में निवेश के नाम पर महिला से लगभग 25 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी। पीड़िता ने मामले की शिकायत जामुल पुलिस से की थी।

जामुल निवासी फातिमा अहमद ने पुलिस को बताया कि पवन हरिहर सिंह एवं उसकी पत्नी पिंकी सिंह द्वारा स्वयं को फाइनेंशियल कंसलटेंट बताते हुए ट्रेडिंग कंपनी में निवेश कर अधिक लाभ अर्जित कराने का प्रलोभन दिया गया। आरोपियों ने विश्वास में लेकर फातिमा से लगभग 25 लाख रुपये प्राप्त किए और उनकी सहेली रजनी बारसकर के सोने के गहने लेकर उन्हें अपने नाम से IIFL Gold Finance, पावर हाउस चौक भिलाई में गिरवी रखकर लगभग 15 लाख रुपये प्राप्त किए।

धोखाधड़ी करने के बाद आरोपी फरार हो गए थे। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना जामुल में धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने आरोपी पवन हरिहर सिंह एवं पिंकी सिंह को घेराबंदी कर पकड़ा।

रायपुर : नौकरी दिलाने के नाम पर युवती से धोखाधड़ी

रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में भी नौकरी दिलाने के नाम पर युवती से रकम वसूलने और उस पर लगातार दबाव बनाने का मामला सामने आया है। सुकमा की रहने वाली युवती को रायपुर बुलाकर पहले ट्रेनिंग और नौकरी का झांसा दिया गया, फिर बेहतर पद और अधिक वेतन दिलाने के नाम पर 46 हजार रुपये की मांग की गई। पैसे नहीं देने पर बंधक बनाकर रखा गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार सुकमा जिले के मस्तानपारा निवासी आयतु राम बेसरा ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी साली किरण नाग नौकरी की तलाश में रायपुर आई थी। 11 जून को वह खमतराई स्थित श्रीनगर रोड के ट्रेनिंग सेंटर पहुंची, जहां उसे नौकरी का आश्वासन देकर इंटरव्यू लिया गया। इसके बाद उसके शैक्षणिक दस्तावेज, आधार कार्ड और फोटो जमा करा लिए गए।

शिकायत में बताया गया है कि युवती से रहने और खाने की व्यवस्था के नाम पर 2500 रुपये जमा कराए गए। इसके बाद चार दिनों तक ट्रेनिंग देने के बाद उसे बताया गया कि उसका चयन हो गया है। सेंटर से जुड़े लोगों ने कहा कि बेहतर पद और 15 हजार रुपये मासिक वेतन वाली नौकरी पाने के लिए 46 हजार रुपये जमा करने होंगे।

खेत गिरवी रखकर भेजे 15 हजार रुपए

युवती ने जब इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई तो आरोपियों ने कम वेतन वाली नौकरी का विकल्प बताकर भी दबाव बनाया। शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने किसी भी तरह घर की जमीन-जायदाद बेचकर रकम की व्यवस्था करने कहा। इसके बाद युवती ने अपने परिजनों को पूरी जानकारी दी। परिजनों का आरोप है कि युवती के ससुराल पक्ष और पिता ने गांव की जमीन गिरवी रखकर 15 हजार रुपये आनलाइन भेजे। इसके बावजूद लगातार शेष 31 हजार रुपये जमा कराने का दबाव बनाते रहे।

मोबाइल इस्तेमाल करने पर थी पाबंदी

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि युवती को केवल पैसे मांगने के लिए ही मोबाइल पर बात करने दी जाती थी, बाकी समय उससे मोबाइल का उपयोग नहीं करने दिया जाता था। युवती ने परिजनों को बताया कि पैसे जमा नहीं करने पर नौकरी नहीं लगाने और निगरानी में रखने की बात कहकर उसे डराया-धमकाया जा रहा था। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस और परिजन 17 जून को रायपुर पहुंचे। पूछताछ में युवती ने पूरी आपबीती बताई, जिसके बाद शिकायत के आधार पर खमतराई पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply