CrimeIndiaTrending

प्रेमी संग पति की हत्या, फिर बच्चे को भी मार डाला! बेंगलुरु के डबल मर्डर ने चौंकाया..?

Featured Image

बेंगलुरु के चिक्काबनावारा इलाके में एक ही परिवार के दो लोगों की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस ने इस मामले में मृतक अभिनंदन की पत्नी हरिनी को गिरफ्तार किया है. जांच में कथित तौर पर सामने आया है कि हरिनी ने अपने प्रेमी विनय के साथ मिलकर पहले पति की हत्या की और फिर वारदात का गवाह बने अपने ही बच्चे यदुवीर को भी मौत के घाट उतार दिया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हरिनी को डर था कि बच्चा घटना के बारे में किसी को बता सकता है. इसलिए उसने खुद को और सुरक्षित बनाने की मंशा से बच्चे की भी हत्या कर दी.

कोई भी अपराध ‘परफेक्ट’ क्राइम नहीं होता

खबर मिलते ही मामले की जांच कई एंगल से शुरू की गई. पुलिस को शक था कि वारदात के बाद दोनों आरोपियों ने घटनास्थल को इस तरह दिखाने की कोशिश की कि मामला आत्महत्या जैसा लगे. फॉरेंसिक जांच से पहले ही पुलिस को घर में खून के निशान मिल गए. दरअसल हरिनी ने जिन कपड़ों पर खून के धब्बे थे, उन्हें धोकर सुखाने के लिए बाहर डाल दिया था, इससे पुलिस का शक उसके ऊपर और गहरा गया.

सीसीटीवी बंद होने से भी ठनका आईओ का माथा!

जांच में यह भी सामने आया कि वारदात से पहले घर के सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए गए थे. पुलिस के अनुसार, हरिनी ने रात करीब 11 बजे विनय को घर बुलाया था. वारदात के बाद विनय वहां से निकल गया. पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है.

हरिनी से करीब छह घंटे तक पूछताछ की गई. पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान उसने पति और बच्चे की हत्या में अपनी भूमिका स्वीकार की.

घरेलू क्लेश… अवैध संबंध और डबल मर्डर की खतरनाक कहानी

डीसीपी एन. नागेश के मुताबिक, हरिनी और अभिनंदन के बीच लंबे समय से वैवाहिक विवाद चल रहा था. दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे. कुछ समय के लिए हरिनी घर छोड़कर भी चली गई थी. बाद में दोनों ने फिर साथ रहना शुरू कर दिया था. इसी दौरान हरिनी के विनय के साथ संबंध होने की बात भी जांच में सामने आई.

परिवार की एक सदस्य जयम्मा ने पुलिस को बताया कि उसे हरिनी पर पहले से शक था. उसने पुलिस को यह भी बताया कि हरिनी को अक्सर फोन आते थे. करीब तीन महीने पहले घर छोड़ते समय हरिनी ने एक पत्र भी लिखा था. हालांकि, परिवार ने उस समय इस मामले को सार्वजनिक नहीं किया, क्योंकि उम्मीद थी कि पति-पत्नी साथ रहकर अपने मतभेद दूर कर लेंगे.

पुलिस के मुताबिक, वारदात के समय बच्चे की मौजूदगी इस केस की जांच में अहम कड़ी साबित हुई. जांच एजेंसियों का मानना है कि बच्चे ने घटना देख ली थी और इसी वजह से उसे भी रास्ते से हटाने की साजिश रची गई.

अभिनंदन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था. पुलिस के अनुसार, उसके नाम पर करोड़ों रुपये की संपत्ति है और चिक्काबनावारा में तीन मंजिला मकान भी है. जांच में यह पहलू भी सामने आया है कि आरोपियों को उम्मीद थी कि अभिनंदन की मौत के बाद उसकी संपत्ति उनके हाथ लग सकती है. पुलिस अब इस एंगल से भी पूरे मामले की जांच कर रही है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply