IndiaUttar Pradesh

​‘यूरोप आ गया हूं… यहां झूठे वादों वाला स्पेन-पेरिस है’, गोरखपुर में CM योगी पर अखिलेश का तंज

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर में शक्ति प्रदर्शन किया. बुधवार को अखिलेश यादव ने गोरखपुर एयरपोर्ट से चौरीचौरा के देवकही गांव तक करीब 20 किलोमीटर लंबा रोड शो किया. पीडीए रथ पर सवार होकर निकले. रास्ते में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक उनके साथ चलते नजर आए.

​‘यूरोप आ गया हूं… यहां झूठे वादों वाला स्पेन-पेरिस है’, गोरखपुर में CM योगी पर अखिलेश का तंज

अखिलेश यादव दोपहर करीब 12:30 बजे विशेष विमान से गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचे. यहां ढोलनगाड़ों के बीच एक हजार से ज्यादा पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया. इस दौरान छह युवा पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार भी किया. इसके बाद अखिलेश पीडीए रथ पर सवार होकर देवकही गांव के लिए रवाना हुए. रोड शो में गोरखपुर जिले की सभी नौ विधानसभा सीटों के अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश के दूसरे जिलों से भी बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता पहुंचे थे.

गोरखपुर में बीजेपी को नौ बटे निल कर देगी जनता

रोड शो के बाद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि गोरखपुर में उमड़ी भीड़ बता रही है कि बीजेपी का गढ़ गड़बड़ा गया है. उन्होंने लिखा, ‘गोरखपुर में हमारे रोडशो में उमड़े जनसैलाब को देखकर जनता कह रही है कि किसी का गढ़ गड़बड़ा गया है.’ अखिलेश ने दावा किया कि इस बार गोरखपुर की जनता बीजेपी को नौ बटे निल कर देगी. उन्होंने कहा कि पूरे गोरखपुर मंडल में एकजुट पीडीए का समाज प्रभुत्ववादियों को धूल चटाएगा.

देवकही गांव पहुंचने पर अखिलेश यादव स्वतंत्रता सेनानी और शहीद बाबू बंधु सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे. इसके बाद वह बीजेपी के पूर्व नेता विनय कुमार सिंह उर्फ बिन्नू सिंह की 10वीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे. पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान बिन्नू सिंह के भाई अजय कुमार सिंह उर्फ टप्पू के सपा में शामिल होने की संभावना है. टप्पू आगामी विधानसभा चुनाव में चौरीचौरा सीट से सपा के उम्मीदवार हो सकते हैं.

यह 2027 के चुनाव से पहले की तैयारी है

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने रोड शो में मिले समर्थन का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट से लोगों के बीच पहुंचने में कई घंटे लगे और पूरे रास्ते जनसैलाब देखने को मिला. अखिलेश ने कहा, ‘कई घंटे चलने के बाद हम लोग आपके बीच में पहुंच पाए हैं… जनसैलाब का काफी समर्थन हमें मिला है.. सड़कों पर काफी जनसैलाब देखने को मिला है.’ उन्होंने कहा कि यह 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले की तैयारी है. अभी चुनाव की तारीख घोषित नहीं हुई है, लेकिन गोरखपुर की जनता में जोश और उत्साह दिखाई दे रहा है.

अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि उन्हें गोरखपुर आकर ऐसा लगा, जैसे वह यूरोप आ गए हों. उन्होंने बीजेपी के विकास के दावों पर निशाना साधते हुए कहा कि यहां सरकार के झूठे वादों वाला स्पेन और पेरिस भी है. अखिलेश ने गोरखपुर में जलभराव और मेट्रो के वादे का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले कुछ घंटे की बारिश में ही पानी लोगों के घरों में घुस गया था. उन्होंने कहा कि कभी गोरखपुर में लखनऊ जैसी मेट्रो चलाने का वादा किया गया था, लेकिन हर बरसात में लोग मेट्रो से नहीं, बल्कि नाव से चलते हैं.

एक वोटर लिस्ट नहीं बना पा रहे, वन नेशनवन इलेक्शन कैसे करेंगे

अखिलेश यादव ने चुनावी तैयारियों और मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण को लेकर भी बीजेपी पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि 2027 का चुनाव केवल सीटें जीतने का नहीं, बल्कि प्रदेश और देश के भविष्य का चुनाव है. उनके मुताबिक, यह लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई भी है. अखिलेश ने कहा कि जो लोग वन नेशन, वन इलेक्शन की बात करते हैं, वे प्रदेश की एक वोटर लिस्ट भी ठीक से तैयार नहीं कर पा रहे हैं.

उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस बयान का भी जिक्र किया, जिसमें एक करोड़ 27 लाख हिंदू मतदाताओं के नाम कटने की बात कही गई थी. अखिलेश ने कहा कि अगर एक करोड़ 27 लाख वोटों को 403 विधानसभा सीटों में बांट दिया जाए तो हर सीट पर करीब 31 हजार वोट कम हो जाते हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि जब एक वोटर लिस्ट ठीक से तैयार नहीं हो पा रही है तो वन नेशन, वन इलेक्शन कैसे लागू किया जाएगा.

स्कूल बंद होने और रोजगार का मुद्दा उठाया

अखिलेश यादव ने गोरखपुर और प्रदेश में स्कूल बंद होने का मुद्दा उठाते हुए सरकार को घेरा. उन्होंने दावा किया कि गोरखपुर में करीब 500 स्कूल बंद हुए हैं. भाषण के एक अन्य हिस्से में उन्होंने मुख्यमंत्री के गृह जिले में 487 स्कूल बंद होने का आंकड़ा दिया. अखिलेश ने कुशीनगर में 536 स्कूल बंद किए जाने का भी दावा किया. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 36 हजार प्राइमरी स्कूल बंद किए गए हैं. सवाल उठाया कि गांवों में प्राथमिक स्कूल बंद होंगे तो गरीब परिवारों के बच्चे कहां पढ़ने जाएंगे.

अखिलेश ने आरोप लगाया कि एक तरफ सरकार पढ़ाई रोक रही है और दूसरी तरफ युवाओं की नौकरियां छीनी जा रही हैं. उन्होंने स्कूलों की संख्या और शराब की दुकानों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में 36 हजार स्कूल बंद किए गए, जबकि 27 हजार शराब की दुकानें खुलवाई गईं. अखिलेश ने मुख्यमंत्री के उस बयान पर भी सवाल उठाया, जिसमें पिछली सरकारों के कार्यकाल में विकास नहीं होने की बात कही गई थी. उन्होंने पूछा कि अगर पहले विकास नहीं हुआ तो 36 हजार स्कूल किसने बंद किए और मुख्यमंत्री के अपने जिले में करीब 500 स्कूल कैसे बंद हो गए?

पेपर लीक, आरक्षण और कानूनव्यवस्था पर सरकार को घेरा

अखिलेश यादव ने भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और आरक्षण के मुद्दे पर भी बीजेपी सरकार को निशाने पर लिया. उन्होंने आरोप लगाया कि सबसे ज्यादा पेपर लीक उत्तर प्रदेश में हुए हैं. उनके मुताबिक, प्रदेश में 20 से ज्यादा पेपर लीक हुए हैं. उन्होंने कहा कि पेपर लीक नहीं हुए, बल्कि पेपर लिखकर दिए गए और इससे नौजवानों का भविष्य अंधकार में चला गया.

आरक्षण को लेकर अखिलेश ने कहा कि बड़े पैमाने पर भेदभाव हुआ है और आरक्षण की लूट की गई है. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी को डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान पर भरोसा नहीं है. उन्होंने कहा कि पीडीए के लोग मिलकर अपनी सरकार बनाने जा रहे हैं. कानूनव्यवस्था पर हमला बोलते हुए अखिलेश ने कहा कि गोरखपुर में लंबे समय से गोरख धंधा चल रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की कानूनव्यवस्था इतनी खराब हो गई है कि उत्तर प्रदेश को पूरे देश में इस मामले में नंबर एक पर पहुंचा दिया गया है.

अखिलेश ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा अन्याय पुलिस के लोग कर रहे हैं. उन्होंने एक ब्राह्मण परिवार के साथ कथित दुर्व्यवहार का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि पुलिस ने परिवार का अपमान किया और जूता चटवाया. अखिलेश ने कहा कि सरकारी आंकड़े बताते हैं कि सबसे ज्यादा अन्याय दलितों के साथ हुआ है.

योगी के बयानों और उनके राजनीतिक सफर पर भी निशाना

अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयानों और उनके राजनीतिक सफर पर भी तंज कसा. उन्होंने कहा कि विरासत में गद्दी तो मिल सकती है, लेकिन बुद्धि नहीं मिल सकती. उन्होंने मुख्यमंत्री के ज्ञान और फोन से जुड़ी जानकारी पर भी कटाक्ष किया. अखिलेश ने पश्चिम बंगाल में प्रचार के दौरान योगी आदित्यनाथ के कथित बयान तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि कभीकभी डबल डोज का भी असर हो जाता है.

अखिलेश ने कहा कि 50 साल के संन्यासी को मठ नहीं मिला, लेकिन चार साल में किसी को मठ मिल गया. उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए उन्हें नकली संत कहा और कहा कि असली संत कोई और हैं. अखिलेश ने परिवारवाद के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि जो लोग परिवारवाद की बात करते हैं, परिवारवाद की शुरुआत उन्हीं से हुई है. उन्होंने कहा कि पहले जो लोग सबसे सम्मानित थे, उनके परिवार के लोगों को साथ नहीं मिलता तो उन्हें गद्दी नहीं मिलती.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply