BollywoodBusinessChhattisgarhCricketCrimeDelhiDharamHaryanaIndiaTrending

‘मैं बेटे का नाम राम खान रखना चाहता था…’, सोहेल खान ने बताया क्यों बदलना पड़ा फैसला

मुंबई : बॉलीवुड के ‘दबंग’ सलमान खान के परिवार के किस्से अक्सर फैंस के बीच चर्चा का विषय बने रहते हैं। इसी कड़ी में अब सलमान के छोटे भाई और एक्टर सोहेल खान ने अपनी निजी जिंदगी और अपने बड़े बेटे के नामकरण को लेकर एक बेहद दिलचस्प खुलासा किया है। एक रिएलिटी शो के दौरान सोहेल ने बताया कि वह अपने बेटे का नाम ‘राम खान’ रखना चाहते थे, लेकिन ऐन वक्त पर उनकी एक्सवाइफ सीमा सजदेह की वजह से यह नाम बदल गया। सोहेल खान का यह किस्सा सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है और फैंस इसे काफी पसंद कर रहे हैं।

‘मैं बेटे का नाम राम खान रखना चाहता था…’, सोहेल खान ने बताया क्यों बदलना पड़ा फैसला

अली गोनी के सामने सोहेल ने खोली दिल की बात

अमेजन प्राइम वीडियो के रिएलिटी शो ‘अलायंस’ के एक लेटेस्ट एपिसोड में सोहेल खान और टीवी एक्टर अली गोनी के बीच बेहद खास और अनौपचारिक बातचीत देखने को मिली। इस वायरल वीडियो में अली गोनी खान परिवार के बच्चों की परवरिश की तारीफ करते नजर आ रहे हैं। अली ने सोहेल से कहा कि खान परिवार के बच्चे बहुत तमीजदार और अच्छे हैं। साथ ही उन्होंने सोहेल के बड़े बेटे निर्वान को उनकी ‘कार्बन कॉपी’ भी बताया। इसी बातचीत के दौरान भावुक होते हुए सोहेल ने बेटे के जन्म और उसके नामकरण से जुड़ा यह मजेदार किस्सा शेयर किया।

‘राम खान’ से कैसे पड़ा निर्वान नाम?

पुरानी यादें ताजा करते हुए सोहेल ने बताया कि जब उनकी पूर्व पत्नी सीमा प्रेग्नेंट थीं, तब दोनों के बीच एक दिलचस्प समझौता हुआ था। यह तय हुआ था कि अगर लड़का हुआ तो नाम सोहेल रखेंगे और लड़की हुई तो नामकरण सीमा करेंगी। सोहेल ने मन ही मन पूरी तरह तय कर लिया था कि वह अपने बेटे का नाम ‘राम खान’ रखेंगे। लेकिन जब बेटे का जन्म हुआ और सोहेल अस्पताल के कमरे में गए, तो बेहोशी की हालत में लेटी सीमा ने उनसे तुरंत पूछा, ‘निर्वान कैसा है?’ पत्नी के मुंह से यह नाम सुनकर सोहेल का मन पिघल गया। सोहेल के मुताबिक, उस वक्त उनके मुंह से यह नाम इतने प्यार से निकला था कि उनका नाम बदलने का इरादा ही खत्म हो गया। सोहेल ने बताया कि निर्वान का मतलब शांति होता है, इसलिए उन्हें भी यह नाम बहुत पसंद आया।

24 साल बाद टूट गई थी सोहेल और सीमा की शादी

गौरतलब है कि सोहेल खान और सीमा सजदेह की प्रेम कहानी किसी ब्लॉकबस्टर फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं थी। दोनों की पहली मुलाकात साल 1998 में सुपरहिट फिल्म ‘प्यार किया तो डरना क्या’ की शूटिंग के दौरान हुई थी। दिल्ली की रहने वाली सीमा का परिवार इस रिश्ते के सख्त खिलाफ था। जब बात नहीं बनी, तो दोनों ने घर से भागकर शादी रचा ली। उन्होंने पहले आर्य समाज मंदिर में फेरे लिए और उसी दिन शाम को निकाह भी किया था। हालांकि, शादी के 24 साल बाद इस जोड़े ने अपनी राहें अलग कर लीं। तलाक के बावजूद अब ये दोनों स्टार्स रिएलिटी शो ‘अलायंस’ में एक साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आ रहे हैं।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply