Delhi Malviya Nagar Hotel Fire: दिल्ली के मालवीय नगर में हुए होटल अग्निकांड को लेकर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जिसके मुताबिक आग किसी शॉर्ट सर्किट के कारण नहीं बल्कि इलेक्ट्रिक स्टोव के अचानक हुए धमाके बाद लगी थी। जिससे समय रहते बुझाया नहीं जा सका और इसमें जलकर 21 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने कहा कि यह बात उन्हें होटल के कुक ने अपने बयान में बताई है।

दिल्ली पुलिस ने शनिवार को होटल के कुक केशव नेगी को हिरास्त में लिया था। नेगी ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि होटल की रसोई में इलेक्ट्रिक स्टोव अचानक बम की तरह फट गया था। जिसके बाद आग तेजी से पूरे होचल में फैल गई। जिससे वो बुरी तरह घबरा गया और पूरे होटल की बिजली सप्लाई बंद कर दी। पुलिस को शक है कि नेगी का यही फैसला लोगों की मौत का कारण बना।
ऑन करते ही बम की तरह फटा स्टोव
जानकारी के मुताबिक, पूछताछ में कुक ने पुलिस को बताया कि बुधवार सुबह वो होटल की रसोई में था। उसने इलेक्ट्रिक स्टोव चालू किया, इसके कुछ ही देर बाद ही उसमें जोरदार धमाका हुआ। धमाका इतना भयंकर था कि जैसे कोई बम फटा हो। इसके बाद रसोई में आग लग गई और धुआं फैलने लगा।
नेगी ने को बताया कि आग कुछ ही देर में पूरे होटल में फैल गई। जिससे वो बुरी तरह घबरा गया। उसके बाद उसने अफरातफरी के माहौल में होटल की बिजली सप्लाई बंद कर दी और वहां से भाग गया। जांच एजेंसियों का मानना है कि बिजली सप्लाई बंद होने से होटल का इलेक्ट्रॉनिक डोर लॉक सिस्टम ने काम करना बंद कर दिया। जिसके चलते लोग समय रहते बाहर नहीं निकल पाए और उनकी मौत हो गई।
…तो बच जाती लोगों की जान
जांच एजेंसियों के मुताबिक, अगर कुक बिजली सप्लाई बंद नहीं करता, तो शायद लोग समय रहते होटल से बाहर निकल सकते थे। एजेंसियों का मानना है कि बिजली सप्लाई बंद करना एक बड़ी गलती थी। फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियां होटल मालिक और हिरासत में लिए गए बाकी आरोपियों से पूछताछ कर रही हैं।
इस भयानक हादसे में 13 विदेशी नागरिकों समेत 21 लोगों की मौत हो गई थी। इस हादसे ने दिल्ली में मौजूद होटलों की सुरक्षा व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



