IndiaTrending

E20 नहीं चाहते, तो ज्यादा पैसे दीजिये, असली पेट्रोल लीजिये..

E20 नहीं चाहते, तो ज्यादा पैसे दीजिये, असली पेट्रोल लीजिये..

नितिन गडकरी बोले-किसी वाहन में कोई खराबी नहीं मिली

Nitin Gadkari : पेट्रोल में E20 एथनॉल की मिलावट को लेकर देश में बड़ा विवाद जारी है। वाहन चालकों का कहना है कि इससे इंजन के पार्ट्स खराब हो रहे हैं और माइलेज पर भी असर पड़ता है। वहीं केन्द्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने साफ कहा है कि सरकार ने सब परीक्षणों के बाद यह फार्मूला लागू किया है। लेकिन जिन लोगों को इस पर भरोसा नहीं है, वे ज्यादा पैसा खर्च कर एकदम असली पेट्रोल ले सकते हैं।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि लोग चाहें तो पेट्रोल पंप पर 100 फीसदी पेट्रोल भी ले सकते हैं, लेकिन इसे लिए उन्हें ज्यादा पैसे देने होंगे। वह इससे पहले भी कह चुके हैं कि एथनॉल मिले हुए ईंधन के चलते वाहन खराब होने की समस्या नहीं आई है। खबरें हैं कि तेल कंपनियों ने ईंधन की क्वालिटी की जांच तेज कर दी है।

टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में गडकरी से पूछा गया कि क्या पेट्रोल पंप पर ई 10 ईंधन के विकल्प की संभावनाएं हैं। इस पर उन्होंने जवाब दिया कि जब हमने 20 फीसदी एथनॉल ब्लेंडिंग का लक्ष्य हासिल कर लिया और E20 ईंधन देश के हर फ्यूल स्टेशन पर है, तो ऐसा कैसे संभव है। उन्होंने कहा कि जो लोग एथनॉल मिला हुआ पेट्रोल नहीं चाहते हैं, वो 100 फीसदी पेट्रोल खरीद सकते हैं, लेकिन इसके लिए उन्हें ज्यादा पैसा देना होगा।

पेट्रोल कंपनियों ने जांच शुरू की

सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियों ने देश भर में अपने रिटेल पंप पर ईंधन गुणवत्ता की जांच तेज कर दी है। इनमें इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन, भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड का नाम शामिल है। इन कंपनियों ने ये कदम सोशल मीडिया पर ईंधन की गुणवत्ता को लेकर प्रसारित हो रहीं चिंताओं के बीच ग्राहकों को भरोसा दिलाने के लिए उठाएं हैं। इन पेट्रोलियम कंपनियों ने ग्राहकों से अपील की है कि वे ईंधन गुणवत्ता से जुड़ी किसी भी शिकायत को सीधे पेट्रोल पंप या कंपनी के ग्राहक सेवा माध्यमों से दर्ज कराएं और अपुष्ट सोशल मीडिया पोस्ट पर भरोसा न करें।

IIT कानपुर का बड़ा दावा

IIT कानपुर का कहना है कि E20 से गाड़ियों के इंजन को नुकसान पहुंचने के कोई सबूत नहीं मिले हैं। आईआईटी-कानपुर के मैकेनिकल इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट में इंजन रिसर्च लैबोरेटरी के परियोजना वैज्ञानिक ध्रुव राज करणा ने मंगलवार को पीटीआई-भाषा को बताया कि बड़े पैमाने पर हुए अध्ययन में सामने आया कि ई-20 से इंजन को नुकसान, जंग लगने या कोई दूसरी तकनीकी समस्या नहीं होती है।

उन्होंने कहा, ‘संस्थान के अध्ययनों में ई-20 के कारण गाड़ियों के ‘माइलेज’ में कोई खास कमी नहीं पाई गई। ‘माइलेज’ में कोई भी बदलाव दरअसल ईंधन के बजाय गाड़ी चलाने की आदतों, सड़क की स्थिति और गाड़ी के रखरखाव से ज्यादा प्रभावित होता है।’ शोधकर्ताओं के मुताबिक अब तक किए गए परीक्षणों में इंजन के टिकाऊपन या गाड़ी की रफ्तार और माइलेज पर ई20 ईंधन का कोई गलत असर नहीं देखा गया है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply