गाजियाबाद : उत्तर प्रदेश के लखनऊ में हुए डबल मर्डर की घटना के बाद अब गाजियाबाद के खोड़ा कॉलोनी से भी सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और 15 साल की बेटी की हत्या कर दी, जबकि दूसरी 14 वर्षीय बेटी पर भी जानलेवा हमला किया। घायल बेटी किसी तरह बच गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

वारदात खोड़ा कॉलोनी के लोकप्रिय विहार की गली नंबर3 स्थित एक इमारत की चौथी मंजिल पर हुई। मृतकों की पहचान बीबी तबस्सुम और उनकी 15 वर्षीय बेटी सना तबस्सुम के रूप में हुई है। वहीं, घायल 14 वर्षीय बेटी की पहचान रूबी तबस्सुम के रूप में हुई है।
आरोपी की पहचान बिहार के अररिया निवासी राजा अंसारी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इंदिरापुरम के सहायक पुलिस आयुक्त सूर्यबली मौर्य ने बताया कि 22 अगस्त 2026 की रात करीब 12:15 बजे थाना खोड़ा पुलिस को लोकप्रिय विहार की गली नंबर3 में एक महिला और उसकी बेटी की हत्या की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस के मुताबिक, राजा अंसारी अपनी पत्नी बीबी तबस्सुम और दो बेटियों सना तबस्सुम और रूबी तबस्सुम के साथ मकान की चौथी मंजिल पर रहता था। दोनों बेटियों की उम्र क्रमशः 15 और 14 वर्ष थी।
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने अपनी पत्नी और बड़ी बेटी की हत्या कर दी, जबकि छोटी बेटी रूबी पर भी हमला किया गया। घायल रूबी को तत्काल एमजी अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है।
पुलिस ने आरोपी राजा अंसारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पूछताछ के आधार पर हत्या की वजह का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।



