अफगानिस्तान के युवा तेज गेंदबाज मोहम्मद सलीम सफी ने भारत के खिलाफ शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट झटके। अपनी पहली टेस्ट फाइव विकेट हॉल पूरी करने के बाद उन्होंने मैदान पर माथा टेककर दुआ की और भारत के खिलाफ इतिहास रच दिया।

IND vs AFG, Mohammed Saleem safi 6 wicket haul: भारत और अफगानिस्तान के बीच मुल्लानपुर में खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच में भारतीय बल्लेबाजों ने पहली पारी में शानदार प्रदर्शन किया। शुभमन गिल, केएल राहुल, साई सुदर्शन और ऋषभ पंत की दमदार पारियों की बदौलत टीम इंडिया ने 564 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। हालांकि इस दौरान एक अफगान गेंदबाज ऐसा भी रहा जिसने भारतीय बल्लेबाजों को लगातार परेशान किया।
23 वर्षीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सलीम सफी ने अपनी रफ्तार और सटीक लाइनलेंथ से भारतीय बल्लेबाजी क्रम को झकझोर कर रख दिया। उन्होंने पहली पारी में 6 विकेट हासिल करते हुए इतिहास रच दिया। यही कारण रहा कि बड़े स्कोर के बावजूद भारतीय बल्लेबाजों को सफी के सामने काफी संघर्ष करना पड़ा।
IND vs AFG: मोहम्मद सलीम सफी ने खोला ‘पंजा’
मोहम्मद सलीम सफी ने इस मुकाबले में भारत के खिलाफ शानदार गेंदबाजी करते हुए पहली बार टेस्ट क्रिकेट में पारी में 5 विकेट लेने का कारनामा किया। उन्होंने यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल, ध्रुव जुरेल, मानव सुथार और मोहम्मद सिराज को आउट करते हुए 6 विकेट अपने नाम किए। सिराज को बोल्ड करते ही उन्होंने पारी का छठा विकेट हासिल किया और भारत के खिलाफ एक यादगार रिकॉर्ड बना दिया।
5FER FOR SALEEM SAFI AGAINST INDIA IN CHANDIGARH..!!🔥
What a Sensational Spell By Safi. pic.twitter.com/hAXYPFlCpi
— ACB Xtra June 7, 2026
IND vs AFG: भारत के खिलाफ रचा ऐतिहासिक रिकॉर्ड
अपना सिर्फ दूसरा टेस्ट मैच खेल रहे सलीम सफी भारत के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में पारी में 5 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले पहले अफगानिस्तान गेंदबाज बन गए। इतना ही नहीं, वह टेस्ट क्रिकेट में यह उपलब्धि हासिल करने वाले अफगानिस्तान के चुनिंदा तेज गेंदबाजों में भी शामिल हो गए हैं। भारतीय परिस्थितियों में किसी अफगान तेज गेंदबाज का इस तरह का प्रदर्शन अपने आप में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
IND vs AFG: ध्रुव जुरेल को किया क्लीन बोल्ड
सफी की सबसे शानदार गेंदों में से एक ध्रुव जुरेल के खिलाफ देखने को मिली। पारी के 102वें ओवर में उन्होंने ऑफ स्टंप के बाहर गुड लेंथ पर गेंद डाली, जिसे जुरेल ने छोड़ने का फैसला किया। लेकिन गेंद टप्पा खाने के बाद तेजी से अंदर आई और सीधे ऑफ स्टंप से टकरा गई। इस बेहतरीन डिलीवरी ने उनकी गेंदबाजी की गुणवत्ता को साफ तौर पर दिखाया।
IND vs AFG: 5 विकेट पूरे करते ही मैदान पर टेका माथा
मानव सुथार का विकेट लेते ही मोहम्मद सलीम सफी ने अपनी पहली टेस्ट फाइव विकेट हॉल पूरी की। इस खास उपलब्धि के बाद उन्होंने मैदान पर माथा टेककर दुआ की, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए। इसके बाद उन्होंने मोहम्मद सिराज का विकेट लेकर अपने खाते में छठी सफलता भी दर्ज की और भारत के खिलाफ अफगानिस्तान के सबसे सफल गेंदबाज बनकर उभरे।



