BusinessIndia

​भारत के न्यूक्लियर मिशन से चमकेगी इन 3 कंपनियों की किस्मत! 20 लाख करोड़ रुपए होंगे खर्च

भारत आने वाले दो दशकों में परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव करने की तैयारी कर रहा है. सरकार का लक्ष्य 2047 तक देश की परमाणु बिजली उत्पादन क्षमता को बढ़ाकर 100 गीगावाट करना है, जो अभी करीब 9 गीगावाट है. इसके लिए करीब 20 लाख करोड़ रुपए तक के निवेश की जरूरत होगी. यानी अगले 20 साल तक हर साल औसतन 1 लाख करोड़ रुपए खर्च करने पड़ सकते हैं.

​भारत के न्यूक्लियर मिशन से चमकेगी इन 3 कंपनियों की किस्मत! 20 लाख करोड़ रुपए होंगे खर्च

परमाणु ऊर्जा क्षमता बढ़ाने का फायदा सिर्फ बिजली उत्पादन तक सीमित नहीं रहेगा. इससे उन कंपनियों को भी बड़े कारोबारी अवसर मिल सकते हैं, जो परमाणु रिएक्टर के उपकरण, खास पाइप, ट्यूब और निर्माण से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराती हैं. इस सेक्टर में 3 कंपनियां खास चर्चा में हैं. इनमें MTAR Technologies, Ratnamani Metals & Tubes और Hindustan Construction Company शामिल हैं. तीनों कंपनियां परमाणु ऊर्जा परियोजनाओं की सप्लाई चेन में अलगअलग तरह की भूमिका निभाती हैं.

1. MTAR टेक्नोलॉजीज

MTAR टेक्नोलॉजीज न्यूक्लियर एनर्जी सेक्टर में न्यूक्लियर पावर कोर्पोरेशन ऑफ इंडिया के साथ काम करती है. NPCIL देश के परमाणु बिजली संयंत्रों का संचालन और विकास करता है. MTAR परमाणु रिएक्टर में इस्तेमाल होने वाले 15 से ज्यादा खास तरह के उपकरण और असेंबली बनाती है. कंपनी का सबसे महत्वपूर्ण उत्पाद फ्यूल मशीनिंग हेड है. यह 700 से ज्यादा छोटे और सटीक पुर्जों को जोड़कर तैयार किया जाता है. इसका इस्तेमाल रिएक्टर में बिजली उत्पादन के लिए जरूरी परमाणु ईंधन को लगाने और निकालने में होता है. इसके अलावा कंपनी फ्यूल ट्रांसफर सिस्टम, एंड शील्ड और कैलेंड्रिया जैसी बड़ी असेंबली भी बनाती है.

MTAR ने कर्नाटक के कैगा परमाणु बिजली संयंत्र की यूनिट 5 और 6 के विस्तार के लिए 504 करोड़ रुपए का ऑर्डर हासिल किया है. कंपनी को पुराने रिएक्टरों के रखरखाव और उनकी काम करने की अवधि बढ़ाने के लिए भी 130 करोड़ रुपये से ज्यादा के नए ऑर्डर मिले हैं. वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही तक कंपनी के पास परमाणु ऊर्जा कारोबार से जुड़े 820 करोड़ रुपए के ऑर्डर थे. यह उसके कुल 5,976.5 करोड़ रुपए के ऑर्डर बुक का 13.7% है. कंपनी को उम्मीद है कि 2028 से इस कारोबार से होने वाली कमाई में तेजी आएगी. इसके अलावा, निजी कंपनियों की चार नए 700 मेगावाट के रिएक्टर बनाने की योजना में भी MTAR को 700 करोड़ से 1,000 करोड़ रुपये तक के कारोबार का अवसर मिल सकता है. फिलहाल MTAR के एक शेयर की कीमत 5,470 रुपए है.

2. Ratnamani Metals & Tubes

Ratnamani Metals & Tubes परमाणु बिजली संयंत्रों के लिए स्टेनलेस स्टील और निकल एलॉय से बने खास पाइप और ट्यूब तैयार करती है. इनका इस्तेमाल हीट एक्सचेंजर और हाई प्रेशर स्टीम सिस्टम में होता है. कंपनी को NPCIL से स्टीम जनरेटर ट्यूब बनाने का डेवलपमेंट ऑर्डर भी मिला है. कंपनी ने स्विट्जरलैंड की टेक्नोएनर्जी एजी के साथ मिलकर रत्नमणि फिनो स्पूलिंग सॉल्यूशंस नाम का ज्वॉइंट वेंचर बनाया है. इसमें रत्नमणि की 75% हिस्सेदारी है. गुजरात के अंजार में स्थित इस प्लांट की सालाना उत्पादन क्षमता 7,000 मीट्रिक टन है.

वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में RFSS का रेवेन्यू 157 करोड़ रुपए रहा, जो पिछले साल के 110.4 करोड़ रुपए से ज्यादा है. कंपनी का EBITDA 138% बढ़कर 85.9 करोड़ रुपए और शुद्ध मुनाफा 153.7% बढ़कर 64.7 करोड़ रुपए हो गया. इसका ऑर्डर बुक 3,000 करोड़ रुपए से ज्यादा पहुंच गया है. फिलहाल इसके एक शेयर की कीमत 2,412 रुपए है.

3. HCC

हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी भारत की परमाणु ऊर्जा परियोजनाओं में लंबे समय से काम कर रही है. कंपनी देश की कुल स्थापित परमाणु बिजली उत्पादन क्षमता का करीब 60% हिस्सा बनाने में योगदान दे चुकी है. इसका काम मुख्य रूप से रिएक्टर भवनों और अन्य जरूरी ढांचों के निर्माण से जुड़ा है. कंपनी फिलहाल फास्ट रिएक्टर फ्यूल साइकिल फैसिलिटी परियोजना पर काम कर रही है. HCC भविष्य में PHWR, LWR और अन्य आधुनिक परमाणु रिएक्टर परियोजनाओं के निर्माण से जुड़े ठेके हासिल करना चाहती है.

वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में कंपनी की कुल आय 6.7% घटकर 925.2 करोड़ रुपए रही. मुनाफा भी 52.8% गिरकर 22.6 करोड़ रुपये पर आ गया. कंपनी के पास 12,901 करोड़ रुपये का कुल ऑर्डर बुक है और वह वित्त वर्ष 2027 में 15,000 करोड़ रुपये के नए ऑर्डर हासिल करने का लक्ष्य लेकर चल रही है. इसके एक शेयर की कीमत 18.58 रुपए है.

निवेशकों के लिए क्या है संकेत?

भारत का परमाणु ऊर्जा मिशन इन तीनों कंपनियों के लिए लंबे समय तक कारोबार बढ़ाने का अवसर बन सकता है. हालांकि, नए ऑर्डर मिलने के साथ उन्हें समय पर परियोजनाएं पूरी करने, लागत नियंत्रित रखने और कर्ज घटाने जैसी चुनौतियों का भी सामना करना होगा. इसलिए निवेशकों के लिए सिर्फ ऑर्डर बुक नहीं, बल्कि कंपनियों का मुनाफा, कर्ज और काम पूरा करने की क्षमता देखना भी जरूरी है.

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए. TV9 भारतवर्ष अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply