
लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी में जब एक पुलिस अधिकारी का घर ही चोरों से सुरक्षित नहीं रहा तो आम लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। तालकटोरा थाना क्षेत्र के राजाजीपुरम में शनिवार को चोरों ने बाजारखाला के ACP रंजीत कुमार के किराए के मकान को निशाना बना लिया। चोर कमरे का ताला और अलमारी का लॉकर तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए।
खास बात यह है कि जिस मकान में चोरी हुई, वहां से करीब 300 मीटर की दूरी पर एमआईएस पुलिस चौकी है। इसके बावजूद चोरों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया। चोरी की सूचना मिलते ही तालकटोरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
बाजारखाला के ACP रंजीत कुमार
20 दिन पहले ही रहने आए थे ACP
ACP रंजीत कुमार ने करीब 20 दिन पहले ही इस मकान में किराए पर रहना शुरू किया था। बताया जा रहा है कि घटना के समय वह ड्यूटी पर थे। चोरों ने मकान के बाहरी दरवाजे के खुले होने का फायदा उठाया और अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद कमरे का ताला तोड़ा और अलमारी के लॉकर को भी तोड़ दिया।
ACP IPS रंजीत कुमार के घर चोरी, जांच करती पुलिस
लाखों के जेवर और नकदी चोरी
चोर अलमारी में रखे लाखों रुपये के कीमती जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई।
CCTV में दिखे दो संदिग्ध
पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली तो दो संदिग्ध युवक आतेजाते दिखाई दिए। अब पुलिस उनकी पहचान करने में जुटी है। आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने कई टीमें भी लगाई हैं। पुलिस CCTV फुटेज के अलावा दूसरे सुरागों की भी जांच कर रही है।
झांसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष IAS अधिकारी हिमांशु गौतम
IAS अधिकारी का है मकान
जिस मकान में चोरी हुई, वह IAS अधिकारी हिमांशु गौतम का बताया जा रहा है। हिमांशु गौतम वर्तमान में झांसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष हैं। इसी मकान में ACP रंजीत कुमार किराए पर रह रहे थे। एक IAS अधिकारी के मकान में रहने वाले पुलिस अधिकारी के घर चोरी होने से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस चौकी के पास वारदात से सवाल
यह चोरी किसी सुनसान जगह पर नहीं हुई, बल्कि पुलिस चौकी से महज 300 मीटर की दूरी पर हुई है। ऐसे में पुलिस की गश्त और इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी है।



