पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने घोषणा की है कि आयरलैंड की पुरुष क्रिकेट टीम पहली बार पाकिस्तान का दौरा करेगी। इस दौरे पर वे लाहौर में 20 से 24 जनवरी, 2027 तक तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज खेलेंगे। सभी मैच गद्दाफी स्टेडियम में 20, 22 और 24 जनवरी को खेले जाएंगे, और ये सभी दिन के मैच होंगे। इस मुख्य सीरीज से पहले, आयरलैंड की टीम 13 से 17 जनवरी तक पाकिस्तान शाहीन के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज खेलेगी।

यह दौरा दोनों टीमों के लिए काफी अहम है, क्योंकि आयरलैंड 2027 ICC पुरुष क्रिकेट विश्व कप क्वालीफायर की तैयारी कर रहा है, जबकि पाकिस्तान कप्तान शाहीन अफरीदी की अगुवाई में उसी साल होने वाले ODI विश्व कप के लिए अपनी लय बनाने में जुटा है। क्रिकेट आयरलैंड के ‘डायरेक्टर ऑफ हाई परफॉरमेंस’, ग्रीम वेस्ट ने बताया कि दोनों बोर्ड्स के बीच बातचीत के बाद ही 50 ओवर के फॉर्मेट पर ध्यान देने का फैसला लिया गया।
उन्होंने कहा कि हालांकि हमने शुरुआत में एक मल्टीफॉर्मेट सीरीज की योजना बनाई थी, लेकिन दोनों बोर्ड इस बात पर सहमत हुए हैं कि 50 ओवर के क्रिकेट से दोनों टीमों को सबसे ज्यादा फायदा होगा। ऐसा इसलिए है क्योंकि आयरलैंड को विश्व कप क्वालीफायर में हिस्सा लेना है, और पाकिस्तान 2027 में होने वाले विश्व कप की तैयारी कर रहा है। वेस्ट ने आगे कहा कि पिछले कुछ वर्षों में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और उनके खिलाड़ियों के साथ हमारे संबंध काफी अच्छे रहे हैं। हम इस ऐतिहासिक पहले दौरे को लेकर बहुत उत्साहित हैं हमें उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में ऐसे कई और दौरे होंगे।
यह सीरीज आयरलैंड को वर्ल्ड कप क्वालीफायर से पहले जरूरी मैच प्रैक्टिस का मौका देगी, जहां उनका लक्ष्य 2027 के टूर्नामेंट में अपनी जगह पक्की करना है। वहीं, पाकिस्तान इस घरेलू सीरीज का इस्तेमाल इस बड़े टूर्नामेंट के लिए अपनी तैयारियों को जारी रखने के लिए करेगा।
सीरीज का शेड्यूल:
पहला वनडे: 20 जनवरी, लाहौर
दूसरा वनडे: 22 जनवरी, लाहौर
तीसरा वनडे: 24 जनवरी, लाहौर



