Delhi Crime News: दिल्ली के जामा मस्जिद और कला महल इलाके में सोमवार को हुए चाकूबाजी व पुलिस एनकाउंटर मामले में नया अपडेट सामने आया है. पुलिस की शुरुआती जांच और ग्राउंड रिपोर्टिंग में खुलासा हुआ है कि आरोपी नबील अपनी मां और बहन द्वारा की गई शिकायत व थाने बुलाए जाने से बेहद नाराज था. घर से जेब में चाकू छिपाकर थाने पहुंचा था. उसने थाने के अंदर और बाहर भागते हुए कुल 9 पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिनका सर गंगाराम अस्पताल में इलाज चल रहा है. आरोपी को काबू करने के लिए पुलिस ने 8 राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें से 6 गोलियां नबील के पैर में लगीं. ताजा जानकारी के मुताबिक, नबील का ऑपरेशन पूरा हो चुका है और वह खतरे से बाहर है, जिसके बाद पुलिस उससे आगे की पूछताछ करेगी.

ताजा अपडेट के अनुसार, सोमवार को 30 वर्षीय नबील की मां और बहन ने जामा मस्जिद थाने पहुंचकर शिकायत दी थी कि नबील बेरोजगार है, कोई काम नहीं करता और घर में गालीगलौज व मारपीट करता है. इसलिए उसे थाने बुलाकर समझाया जाए. इसी शिकायत के आधार पर दोपहर करीब 2:30 बजे नबील को थाने बुलाया गया था.
‘मेरी शिकायत किसने की’ कहकर बोला हमला
जांच में सामने आया कि नबील अपनी मां और बहन से बेहद खफा था और प्लानिंग के तहत घर से जेब में चाकू लेकर थाने पहुंचा था. करीब ढाई बजे थाने पहुंचते ही वह चिल्लाने लगा कि उसकी शिकायत किसने की और पुलिस ने उसे समझाने के लिए कैसे बुला लिया. जानकारी के मुताबिक, वह घर से यह सोचकर निकला था कि पुलिसकर्मियों पर हमला कर सबक सिखाएगा और मांबहन को दिखाएगा कि वह किसी से नहीं डरता.
थाने से गलियों तक 9 पुलिसकर्मी जख्मी, 8 राउंड फायरिंग में पैर में लगी 6 गोलियां
जब एक सबइंस्पेक्टर नबील से पूछताछ कर उन्हें समझाने की कोशिश कर रहे थे, तभी नबील ने जेब में छिपाए चाकू से सबइंस्पेक्टर के चेहरे और गर्दन पर हमला कर दिया. बीचबचाव करने आए चार अन्य पुलिसकर्मियों के चेहरे और गर्दन पर भी उसने चाकू से वार किए और थाने से बाहर भागकर एक स्कूटी लूट ली. लूटी गई स्कूटी से नबील जामा मस्जिद की संकरी गलियों से होते हुए अपने घर कला महल की ओर जा रहा था. पुलिस टीम ने जब उसे घेरने की कोशिश की, तो उसने चार और पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया. इस तरह उसने कुल 9 पुलिसकर्मियों को चाकू मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया, जिन्हें गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया. भीड़भाड़ वाली संकरी गली में पुलिस ने स्थिति संभालने के लिए 8 राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें से 6 गोलियां नबील के पैर में लगीं और उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया.
DCP का बयान, पड़ोसियों की राय और ऑपरेशन के बाद नबील की स्थिति
DCP सेंट्रल दिल्ली रोहित राजवीर के मुताबिक, शुरुआती जांच में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि नबील की दिमागी हालत ठीक है, लेकिन परिवार के साथ हुए झगड़े के गुस्से को उसने पुलिसकर्मियों पर निकाल दिया. पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि वह किस नियत से घर से चाकू लेकर थाने गया था.
एनकाउंटर स्पॉट और नबील के घर से ग्राउंड रिपोर्टिंग के दौरान पड़ोसियों से बात की गई. कुछ पड़ोसियों ने बताया कि वह आमतौर पर झगड़ा नहीं करता था, दो दिन पहले परिवार से विवाद हुआ था और सोमवार दोपहर तक वह गली में सामान्य रूप से टहल रहा था; जबकि एक अन्य पड़ोसी ने कहा कि कुछ साल पहले दिमागी परेशानी का इलाज चला था, जिसके बाद वह ठीक हो गया था. वहीं, ताजा अपडेट के अनुसार नबील का ऑपरेशन हो चुका है, वह खतरे से बाहर है और आगे उससे दोबारा पूछताछ की जाएगी.



