नई दिल्ली : अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के एक विवादित बयान का समर्थन करने के बाद अब कंगना ने महिलाओं और कुकिंग को लेकर एक पोस्ट शेयर किया है, जिस पर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है।

कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा कि खाना बनाना सिर्फ एक कला नहीं, बल्कि एक तरह की ऊर्जा और भावनाओं का आदानप्रदान है। उन्होंने महिलाओं से कुकिंग को अपनी ताकत के रूप में देखने की अपील की।
“खाना बनाना सिर्फ एक कला नहीं है”
कंगना ने अपनी पोस्ट में लिखा, “जब हम किसी के लिए अपने हाथों से खाना बनाते हैं, तो हम उस शख्स को अपनी एनर्जी भी देते हैं।” उन्होंने कहा कि खाना बनाना सिर्फ किसी एक जेंडर की जिम्मेदारी नहीं है, लेकिन महिलाओं के हाथों में स्वाद, मसालों और टेक्सचर का एक अलग हुनर होता है।
उन्होंने आगे लिखा कि सदियों से महिलाओं ने इस हुनर पर गर्व किया है और कुकिंग उनकी खास ताकत है, जिसे उन्हें छोड़ना नहीं चाहिए।
पोस्ट पर सोशल मीडिया में बहस
कंगना के इस बयान पर सोशल मीडिया यूजर्स की अलगअलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग उनके विचारों का समर्थन कर रहे हैं, जबकि कई यूजर्स इसे महिलाओं को पारंपरिक भूमिकाओं तक सीमित करने वाली सोच बता रहे हैं। आलोचकों का कहना है कि ऐसे बयान पितृसत्तात्मक सोच को बढ़ावा दे सकते हैं।
आनंदीबेन पटेल के बयान का किया था समर्थन
इससे पहले कंगना रनौत ने उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के उस बयान का समर्थन किया था, जिसमें उन्होंने महिलाओं को पहले अच्छी मां बनने पर ध्यान देने की बात कही थी।
राज्यपाल ने एक कॉलेज के दीक्षांत समारोह में कहा था कि महिलाओं को पहले अच्छी मां बनने पर ध्यान देना चाहिए और उसके बाद आईएएसआईपीएस बनने जैसे लक्ष्यों पर विचार करना चाहिए। इस बयान को लेकर भी सोशल मीडिया पर काफी विवाद हुआ था।
कंगना के लगातार आ रहे बयानों के चलते वह एक बार फिर राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर चर्चा के केंद्र में हैं।



