बॉलीवुड एक्टर गोविंदा की निजी जिंदगी इन दिनों लगातार चर्चा में है। हाल ही में उनका एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वह एक्ट्रेस कोमल रानी स्वर्णकार के साथ नजर आए थे। इसके बाद सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर चर्चा शुरू हो गई। वहीं, सुनीता आहूजा भी इस मामले पर लगातार बयान दे रही हैं। गोविंदा ने भी हाल ही में सामने आए वीडियो पर अपनी चुप्पी तोड़ी थी। अब कोमल रानी की एक नई पोस्ट सामने आई है, जिसमें उन्होंने कई बातें लिखी हैं।

कोमल रानी ने पोस्ट में क्या कहा?
गोविंदा और सुनीता आहूजा एक बार फिर चर्चा में हैं। इसकी वजह कोमल रानी की हाल ही में साझा की गई पोस्ट है। इस पोस्ट में उन्होंने किसी का नाम लिए बिना कई गंभीर बातें लिखीं।
कोमल रानी ने लिखा, “जो औरत अपने ही पति को सालों से जान से मारने की कोशिश कर रही हो, ऐसी औरतों की बद्दुआएं किसी को नहीं लगतीं। कोई भी इंसान पहले से टूटे हुए घर को तोड़ने वाला नहीं हो सकता।”
उन्होंने आगे लिखा, “हमारे देश के लोग इतने भी मूर्ख नहीं हैं कि किसी के कहने पर कौवे के पीछे भागने लगें, सिर्फ इसलिए कि किसी ने उनसे कहा कि कौवा उनका कान लेकर उड़ गया है।”
दर्द है या सोचीसमझी साजिश?
कोमल रानी ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा कि वह समझ नहीं पा रही हैं कि कोई औरत किस तरह के दर्द से गुजर रही है। उन्होंने सवाल उठाते हुए लिखा, “मैं समझ नहीं पा रही कि एक औरत किस तरह के दर्द से गुजर रही है, जहां उस दर्द को ठीक करने की कोशिश करने के बजाय, वो उसे सबके सामने दिखाने में ही खुश नजर आती है। क्या ये सच में दर्द है या फिर कोई सोचीसमझी साजिश?”
बिना नाम लिए कई गंभीर आरोप लगाए
कोमल रानी ने अपनी पोस्ट में आगे किसी का नाम लिए बिना एक पति के साथ कथित व्यवहार का जिक्र किया। उन्होंने लिखा, “किसी आदमी को लगातार मानसिक रूप से परेशान करना, उसे काम करने से रोकना, घर पर बैठने के लिए मजबूर करना, उसे बर्बाद होने देना, पूरी तरह से अकेला कर देना और उसे मौत के करीब पहुंचा देना।”
इसके बाद उन्होंने कहा, “मुझे नहीं लगता कि कोई अच्छी पत्नी अपने पति के साथ इतना बुरा व्यवहार कर सकती है।”
कोमल रानी ने आगे यह भी सवाल किया कि क्या ऐसी महिलाएं मानसिक रूप से परेशान हैं या फिर अपने फायदे के लिए ऐसा कर रही हैं। उन्होंने लिखा, “क्या ऐसी औरतें मानसिक रूप से बीमार हैं, या फिर अपने फायदे के लिए इतनी चालाक हैं कि उन्हें अच्छी तरह पता है कि बंद दरवाजों के पीछे जो हासिल नहीं कर पाईं, वो अब सार्वजनिक रूप से जाकर और लोगों की सहानुभूति बटोरकर हासिल कर सकती हैं।”
अपने नाम के इस्तेमाल पर भी जताई नाराजगी
पोस्ट के आखिर में कोमल रानी ने लिखा, “मेरे नाम का इस्तेमाल अपने एजेंडे को पूरा करने के लिए करना बंद करो। भगवान हर अच्छे इंसान को ऐसी चालाक औरतों से बचाए।”


