TrendingUttar Pradesh

Lakhimpur Kheri : बेटे पर हमला देख भिड़ गये पिता, युवक को छोड़कर भागा तेंदुआ

अमृत विचार : लखीमपुर खीरी के वन वीट मोहम्मदी क्षेत्र के गलरई गांव में शुक्रवार को गन्ने के खेत में घास काट रहे युवक पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। चीखपुकार सुनकर पिता पहुंचे। बेटे को बचाने के लिए तेंदुए से भिड़ गए। शोर सुनकर पर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण भी पहुंच गए। हलचल के बीच तेंदुआ युवक को छोड़कर गन्ने के खेत में भाग गया। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए शाहजहांपुर रेफर किया गया है।

गांव ककराही के केपी जोशी पुत्र शिवकरण लाल काश्तकार हैं। शुक्रवार को अपने पिता के साथ गलरई गांव के निकट ईंटभट्ठे के पास गन्ने के खेत में घास काटने गए थे। दोनों खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान गन्ने के बीच छिपे बैठे तेंदुए ने अचानक केपी जोशी पर हमला कर दिया। बेटे की आवाज सुनकर पास में मौजूद उसके पिता शिवकरण लाल दौड़कर मौके पर पहुंचे और शोर मचाते हुए तेंदुए से भिड़ गए।

इसी बीच आसपास के खेतों में काम कर रहे अन्य किसान भी मौके की ओर दौड़ पड़े। कई ग्रामीणों के एक साथ पहुंचने और शोर मचाने पर तेंदुआ किसान को छोड़कर गन्ने के खेत में भाग गया। हमले से घायल केपी जोशी किसी तरह खेत से बाहर निकले, लेकिन कुछ दूरी पर पहुंचते ही उनकी हालत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़े। परिजनों ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें सीएचसी मोहम्मदी पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देखते हुए उन्हें शाहजहांपुर रेफर कर दिया।

पगचिह्नों से पहचान में जुटा वन विभाग

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। वन दरोगा अखिलेश सिंह ने बताया कि टीम क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चला रही है। मौके पर मिले पगचिह्नों के आधार पर प्रथम दृष्टया तेंदुआ प्रतीत हो रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि हमला तेंदुए ने किया था या किसी अन्य जंगली जानवर ने। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि गन्ने के खेतों और जंगल से सटे इलाकों में अकेले न जाएं और खेतों में जाते समय विशेष सतर्कता बरतें।

 

इसे भी पढ़ें

 

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply