Noida News: नोएडा में एमपी2 एलिवेटेड रोड पर सफर करने वाले वाहन चालकों को अभी कुछ दिन और परेशानी झेलनी पड़ेगी. सेक्टर33 के सामने क्षतिग्रस्त हिस्से की बंद लेन को खोलने में करीब 20 दिन का समय लग सकता है. नोएडा प्राधिकरण ने पहले ट्रैफिक पुलिस को बताया था कि मरम्मत का काम 15 दिन में पूरा हो सकता है, लेकिन काम की स्थिति को देखते हुए अब इसमें करीब 20 दिन और लगने की संभावना है.

इसका सबसे ज्यादा असर सेक्टर62 और सेक्टर61 से सेक्टर18 की तरफ जाने वाले लोगों पर पड़ेगा. फिलहाल इस दिशा में जाने वाले वाहन चालक एलिवेटेड रोड का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं. उन्हें नीचे की सर्विस रोड से होकर गुजरना पड़ रहा है. इससे इस मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ रहा है और लोगों को जाम का सामना करना पड़ रहा है.
25 दिन से बंद है एलिवेटेड रोड की एक लेन
एमपी2 एलिवेटेड रोड पर सेक्टर61 से सेक्टर18 की तरफ जाने वाली लेन में 18 अक्टूबर को पहली बार गड्ढा हुआ था. प्राधिकरण ने उस समय गड्ढे को भरवा दिया था, लेकिन 20 अक्टूबर को उसी जगह दोबारा गड्ढा हो गया. इसके बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 21 अक्टूबर को इस हिस्से पर यातायात बंद कर दिया गया. तब से यह लेन बंद है. करीब 25 दिन से वाहन चालकों को इस रास्ते पर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. प्राधिकरण के अधिकारी अब क्षतिग्रस्त हिस्से को पूरी तरह ठीक करने में जुटे हैं.
11 मीटर लंबे कंक्रीट पैनल को नए सिरे से बनाया जा रहा
प्राधिकरण के मुताबिक, एलिवेटेड रोड के क्षतिग्रस्त हिस्से में कंक्रीट का पैनल करीब 11 मीटर लंबा और ढाई मीटर चौड़ा है. इस एलिवेटेड रोड का निर्माण प्रीकास्ट तकनीक से किया गया है. इसमें पहले से तैयार कंक्रीट के पैनल और गार्डर को आपस में जोड़ा जाता है. ऐसे में किसी एक हिस्से को बदलना भी आसान नहीं है.
इसकी मरम्मत के लिए आईआईटी रुड़की के इंजीनियरों से सुझाव लिए गए हैं. उनके सुझाव के आधार पर क्षतिग्रस्त पैनल को नए सिरे से तैयार किया जा रहा है. इसके लिए गड्ढे के आसपास के हिस्से को भी तोड़ा जा रहा है, ताकि खराब हिस्से को पूरी तरह हटाकर उसकी जगह नया पैनल तैयार किया जा सके. प्राधिकरण ने आईआईटी रुड़की की अंतिम जांच रिपोर्ट आने से पहले ही मरम्मत का काम शुरू कर दिया है.
आईआईटी रुड़की की रिपोर्ट के बाद ही शुरू होगा ट्रैफिक
एलिवेटेड रोड की तकनीकी जांच के लिए आईआईटी रुड़की की टीम को जिम्मेदारी सौंपी गई थी. प्राधिकरण को अभी इस टीम की अंतिम रिपोर्ट का इंतजार है. अधिकारियों के मुताबिक, मरम्मत का काम पूरा होने के बाद जरूरी जांच की जाएगी. इसके बाद ही सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बंद लेन पर यातायात शुरू करने का फैसला लिया जाएगा.
ऐसे में मरम्मत का काम पूरा होने के बावजूद वाहन चालकों को लेन खुलने के लिए कुछ और इंतजार करना पड़ सकता है. फिलहाल सेक्टर61 और सेक्टर62 से सेक्टर18 की ओर जाने वाले लोगों को नीचे की सड़क का इस्तेमाल करना होगा. यानी एलिवेटेड रोड पर पहले की तरह फर्राटा भरने के लिए अभी कम से कम 20 दिन और इंतजार करना पड़ सकता है.



