IndiaUttar Pradesh

कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंतनीय… UP में IPS अफसर की मां की ‘हत्या’ पर मायावती ने साधा निशाना

उत्तर प्रदेश में भारतीय पुलिस सेवा अफसर आशुतोष मिश्रा के मां की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद प्रदेश की सियासत गरमाती जा रही है. प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर विपक्षी दल सरकार पर लगातार हमलावर हैं. कल समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने इस हत्या पर कहा कि UP में अब पुलिस ही सुरक्षित नहीं है. अब बसपा प्रमुख मायावती ने भी कहा कि प्रदेश में कानूनव्यवस्था के हिसाब से अतिचिंतनीय स्थिति है.

पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने आज सोमवार को सोशल मीडिया X पर पोस्ट कर कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े करते हुए कहा, “यूपी के जिला अंबेडकर नगर में वरिष्ठ आईपीएस अफसर आशुतोष मिश्रा की करीब 91 साल की बुजुर्ग माता की हुई हत्या अतिदुखद और प्रदेश में कानूनव्यवस्था के हिसाब से अति चिंतनीय हैं.”

दोषियों के खिलाफ एक्शन लेने की मांग करते हुए मायावती ने कहा, “ऐसी घटना के बाद लोगों की यह आशंका वाजिब लगती है कि जब हत्या जैसी जघन्य घटना पुलिस अफसर के परिवार के साथ हो सकती है तो आमजन की सुरक्षा का क्या होगा? सरकार इस घटना को लेकर उचित संज्ञान ले और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करे.”

यूपी के ज़िला अम्बेडकरनगर में वरिष्ठ आईपीएस अफसर श्री आशुतोष मिश्रा के लगभग 91वर्षीय बुजुर्ग माता की हुई हत्या अतिदुखद तथा प्रदेश में क़ानूनव्यवस्था के हिसाब से अतिचिन्तनीय। ऐसी घटना को लेकर लोगों की यह आशंका वाजिब है कि जब हत्या जैसी जघन्य घटना पुलिस अधिकारी के परिवार के साथ

— Mayawati August 17, 2026

इससे पहले समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भी इस हत्याकांड को लेकर प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला. उन्होंने X पर पोस्ट कर कहा, “अंबेडकर नगर में एक आईपीएस अधिकारी की माताजी की हत्या का दुखद समाचार आया. प्रदेश में पुलिस ही सुरक्षित नहीं है, यह दुर्भाग्यपूर्ण है.”

धम्रुआ गांव में पहले मां की हत्या की खबर आई

इससे पहले यह खबर आई कि लखनऊ में पोस्टेड आईपीएस अधिकारी आशुतोष के अंबेडकर नगर जिले के रुधा धम्रुआ गांव स्थित उनके घर में उनकी मां की कथित तौर पर हत्या कर दी गई. साथ ही घर से जेवर और गहने भी चोरी हो गई.

पुलिस का कहना है कि आईपीएस अधिकारी की मां इंद्रावती रविवार को घर में एक चारपायी पर मृत पाई गईं. इंद्रावती अपने पति के निधन के बाद से घर में अकेली ही रह रही थीं.

पोस्टमार्टम से जुड़े विसरा को सुरक्षित रखा गया

लखनऊ में तैनात आशुतोष मिश्रा जब दोपहर बाद अपने गांव पहुंचे तो उन्होंने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या और डकैती का मामला दर्ज कराया. पुलिस सूत्रों का कहना है कि जहां पर हत्या हुई वहां पर सोने की चेन, नोज पिन, झुमके और पायल जैसे सामान गायब मिले थे, जबकि घर का कोई अन्य सामान अस्तव्यस्त नहीं मिला.

दूसरी ओर, आईपीएस अधिकारी की बुजुर्ग मां की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है. शुरुआती तौर पर यह हत्या कहा जा रहा था लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नई जानकारी मिली है. रिपोर्ट में उनकी मौत के कारणों का साफ खुलासा तो नहीं किया गया है. हालांकि विसरा को सुरक्षित रखा गया है. हार्ट अटैक को लेकर भी जांच की जाएगी.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply