CrimeIndiaTrendingUttar Pradesh

बरेली जेल से उम्रकैद का बंदी हुआ फरार, जेल प्रशासन के हाथ-पांव फूले, पुलिस ने शुरू की सर्च ऑपरेशन..

बरेली जेल से उम्रकैद का बंदी हुआ फरार, जेल प्रशासन के हाथ-पांव फूले, पुलिस ने शुरू की सर्च ऑपरेशन..

बरेली सेंट्रल जेल से उम्रकैद की सजा काट रहा कैदी फरार हो गया है. इससे जेल प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मचा है. सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं. कैदी पॉक्सो केस में 6 साल से सजा काट रहा था. पुलिस की कई टीमें फरार कैदी की तलाश में जुट गई हैं.

बरेली के इज्जतनगर स्थित सेंट्रल जेल से सोमवार दोपहर उम्रकैद की सजा काट रहा एक कैदी फरार हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए फरार कैदी की तलाश के लिए चार पुलिस टीमें गठित की गई हैं. साथ ही आसपास के जिलों को भी अलर्ट किया गया है.

जानकारी के मुताबिक, फरार कैदी की पहचान दिनेश पुत्र अरविंद के रूप में हुई है. वह अमरोहा जिले के नेनेडा राजपूत गांव, थाना डिडौली क्षेत्र का रहने वाला है. दिनेश पिछले करीब छह साल से बरेली सेंट्रल जेल में बंद था और उम्रकैद की सजा काट रहा था. उसे बिजनौर जनपद में दर्ज पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामले में अदालत ने दोषी मानते हुए सजा सुनाई थी.

नियमित मिलान के दौरान एक कैदी कम मिला

बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे जेल परिसर के अंदर नियमित गतिविधियों के दौरान कैदी के गायब होने की जानकारी सामने आई. शुरुआती स्तर पर जब जेल प्रशासन ने कैदियों की मौजूदगी का मिलान कराया तो एक कैदी कम पाया गया. इसके बाद पूरे जेल परिसर में तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन कैदी का पता नहीं चल सका.

इसके बाद मामले की सूचना तत्काल पुलिस और उच्च अधिकारियों को दी गई. जेल प्रशासन और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमों ने तुरंत फरार कैदी की तलाश शुरू कर दी. इज्जतनगर थाने में फरार कैदी के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया गया है. पुलिस ने आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है.

जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठने लगे सवाल

पूरे मामले में बरेली के थाना इज्जनगर के थाना प्रभारी सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि एक कैदी की फरार होने की सूचना मिली थी. फरार कैदी के खिलाफ थाना में एफआईआर दर्ज की गई है और पुलिस की चार टीमें गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है. आसपास के जिलों को भी सूचना भेजी गई है ताकि कैदी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके.

इस घटना के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं. आखिर इतनी निगरानी और सुरक्षा के बीच एक सजायाफ्ता कैदी कैसे फरार हो गया, इसे लेकर जांच शुरू कर दी गई है. अधिकारियों का कहना है कि घटना के हर पहलू की जांच की जाएगी और यह पता लगाया जाएगा कि इसमें किसी तरह की लापरवाही हुई है या नहीं.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply