Deepak Main Kaun si Bati Lagaye: दीपक में इस्तेमाल होने वाली लंबी और गोल बत्ती का अलग महत्व है। सही दिशा और विधि से दीपक जलाने पर जीवन में धन, स्वास्थ्य और शांति का लाभ मिल सकता है। जानिए कब, किस भगवान की पूजा में कौन सी बाती का उपयोग करना चाहिए।

घर का मंदिर और सकारात्मक ऊर्जा
घर का मंदिर सकारात्मक ऊर्जा का केंद्र माना जाता है। यहां जलाया गया दीपक वातावरण को शुद्ध करता है और मन को शांति देता है। अगर घर में बार-बार रुकावटें आ रही हों, तो दीपक में रुई की सही बत्ती का उपयोग लाभकारी माना गया है।
लंबी और गोल बत्ती का महत्व
- अक्सर लोग सोचते हैं कि दीपक में कौन सी बत्ती लगाना बेहतर है। वास्तु के अनुसार दोनों का अलग प्रभाव है।
- लंबी बत्ती धन, समृद्धि और वंश वृद्धि से जुड़ी मानी जाती है। इसे माता लक्ष्मी, सरस्वती, दुर्गा और कुल देवी-देवताओं के सामने जलाना शुभ होता है।
- गोल बत्ती, जिसे फूल बत्ती भी कहा जाता है, स्थिरता और मानसिक शांति के लिए जलाई जाती है। इसे भगवान विष्णु, शिव और हनुमान जी के सामने प्रज्वलित करना लाभकारी माना गया है।
दिशा का रखें विशेष ध्यान
दीपक जलाते समय बत्ती की दिशा भी महत्वपूर्ण होती है। पूर्व दिशा की ओर मुख करके दीपक जलाने से स्वास्थ्य और आयु में वृद्धि होती है। वहीं उत्तर दिशा की ओर बत्ती रखने से धन लाभ और सफलता के योग बनते हैं।
सुख-शांति के लिए विशेष उपाय
अगर घर में तनाव या कलह का माहौल हो, तो सफेद रुई की बत्ती घी के दीपक में जलाएं। मंगलवार और शनिवार को हनुमान जी के सामने चमेली के तेल का दीपक जलाना नकारात्मकता दूर करने में सहायक माना गया है।
आर्थिक तंगी दूर करने का उपाय
दीपक में इस्तेमाल की जाने वाली छोटी सी रुई की बत्ती भी जीवन पर बड़ा प्रभाव डाल सकती है। अगर आप आर्थिक परेशानी से राहत पाना चाहते हैं, तो इसके लिए रुई की बत्ती बनाने से पहले उसमें थोड़ा चंदन लगाएं और फिर घी के साथ दीपक जलाएं। इससे घर में सुगंध और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।



