दिल्ली के मंगोलपुरी थाना क्षेत्र में 35 वर्षीय एक विवाहित महिला की गला घोंटकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने बताया कि महिला के शव को एक पीजी (पेइंग गेस्ट) के बेड के बॉक्स में से बरामद किया गया। पुलिस को इस मामले में बलात्कार की भी आशंका है।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में कार्रवाई करते हुए 22 साल के दीपक समेत उसके 50 साल के चाचा और 52 साल के चाचा के मित्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि मुख्य आरोपी दीपक ने गुस्से में महिला की हत्या की बात स्वीकार कर ली है। दरअसल, महिला ने उसके चाचा और उनके दोस्त के साथ शारीरिक संबंध बनाने से मना कर दिया था। इस बात से उसे काफी गुस्सा आया।

मामले की जांच कर रहे वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने जमीन पर पटक कर उसकी लात-घूसों से पिटाई की और फिर पहले कंबल से उसका दम घोंटा और आखिर में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने अपने दोस्त के स्वामित्व वाली पीजी में एक पलंग की बॉक्स के अंदर शव ठूंस दिया।

अधिकारी के मुताबिक अपराध के दौरान अन्य दो आरोपी कमरे के बाहर खड़े रखवाली कर रहे थे। बाद में उन्होंने दीपक को अपराध स्थल से भागने में मदद की। डीसीपी (बाहरी) विक्रम सिंह ने कहा कि मंगोलपुरी थाना को मंगलवार शाम सात बजे जानकारी मिली की पत्थर बाजार स्थित एक इमारत में पलंग की बॉक्स से महिला का शव बरामद हुआ है।

सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस को ज्ञात हुआ कि इमारत की एक मंजिल पर पीजी का संचालन किया जा रहा है। उसका मालिक भी उसी इमारत के एक कमरे में रहता है। कमरे में घुसने पर उसने महिला का पैर बेड बॉक्स से बाहर लटका देखा, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

संयुक्त पुलिस आयुक्त (पश्चिमी रेंज) जतिन नरवाल ने कहा कि शव पर गला घोंटने के निशान और माथे पर चोटें थीं। इसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। यह महिला मंगोलपुरी की रहने वाली थी और घरेलू सहायिका के तौर पर काम करती थी। वह शादीशुदा थी और उसके तीन बच्चे थे।

पुलिस ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (हत्या) और 238 (साक्ष्य मिटाना) के तहत एक मामला दर्ज किया गया है। जांच में पता चला कि महिला का मुख्य आरोपी के साथ प्रेम-संबंध था, जो उसके घर के पास ही चिकन की दुकान चलाता था। मंगलवार को शाम करीब 4:30 बजे, वे दोनों एक कमरे में गए। बाकी दो लोग भी वहीं पहुंच गए।

जांच में शामिल एक अधिकारी ने बताया, “22 साल के उस युवक ने महिला से झगड़ा किया और उसे जमीन पर पटक दिया। फिर उसका मुंह दबाया और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने शव को बिस्तर के बॉक्स में छिपा दिया और बाकी दो लोगों के साथ वहां से फरार हो गया।”