TrendingUttar Pradesh

यूपी टी-20 लीग में लखनऊ फाल्कन्स की पहली जीत, नोएडा किंग्स को 3 विकेट से हराया; अभिनंदन की घातक गेंदबाजी, आराध्य का अर्धशतक

लखनऊ। यूपी टी20 लीग सीजन4 में लखनऊ फाल्कन्स ने रोमांचक मुकाबले में नोएडा किंग्स को तीन विकेट से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में सोमवार देर रात खेले गए मुकाबले में लखनऊ ने 137 रन के लक्ष्य को 19.2 ओवर में सात विकेट खोकर हासिल कर लिया।

लखनऊ की जीत में गेंदबाज अभिनंदन सिंह ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने घातक गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके और उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। लक्ष्य का पीछा करते हुए विकेटकीपर बल्लेबाज आराध्य यादव ने 51 रन की उपयोगी अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि समीर चौधरी ने नाबाद 28 रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाया।

अभिनंदन की गेंदबाजी से लड़खड़ाई नोएडा की पारी

टॉस जीतकर लखनऊ फाल्कन्स के कप्तान भुवनेश्वर कुमार ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। नोएडा किंग्स ने शुरुआत में 34 रन जोड़कर अच्छी शुरुआत की, लेकिन इसके बाद लखनऊ के गेंदबाजों ने मैच का रुख बदल दिया।

अभिनंदन सिंह और नवनीत कुमार की सटीक गेंदबाजी के सामने नोएडा ने पावरप्ले में ही 48 रन पर पांच विकेट गंवा दिए।

मध्यक्रम में शिवा सिंह ने 22 रन बनाए। इसके बाद बॉबी यादव ने 29 और कार्तिक सिद्धू ने 23 रन की पारी खेली। दोनों ने आठवें विकेट के लिए 49 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर नोएडा की पारी को संभालने की कोशिश की।

हालांकि लखनऊ के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट हासिल किए और नोएडा किंग्स को 19.5 ओवर में 136 रन पर समेट दिया। लखनऊ की ओर से अभिनंदन सिंह ने चार और नवनीत कुमार ने तीन विकेट लिए।

आराध्य यादव ने संभाली लखनऊ की पारी

137 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ फाल्कन्स की शुरुआत भी उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। टीम ने 41 रन तक दो विकेट गंवा दिए।

इसके बाद आराध्य यादव ने मोर्चा संभाला। उन्होंने 42 गेंदों में पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से 51 रन बनाए और टीम को लक्ष्य की ओर आगे बढ़ाया।

दूसरी ओर नोएडा किंग्स के तेज गेंदबाज शुभम गौतम ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में सिर्फ 22 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। उनकी गेंदबाजी से लखनऊ की टीम दबाव में आ गई।

108 रन पर 6 विकेट, फिर समीर चौधरी ने दिलाई जीत

लखनऊ का स्कोर जब 108 रन पर छह विकेट था, तब मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया था। नोएडा किंग्स के पास मैच में वापसी का मौका था।

ऐसे समय में समीर चौधरी ने धैर्य के साथ बल्लेबाजी की। उन्होंने 19 गेंदों पर नाबाद 28 रन बनाए और टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाया। समीर ने विजयी रन बनाकर लखनऊ फाल्कन्स को तीन विकेट से जीत दिला दी।

इस जीत के साथ लखनऊ फाल्कन्स ने यूपी टी20 लीग सीजन4 में अपने अभियान की पहली जीत दर्ज की।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply