
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के अलीगंज अग्निकांड मामले में सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को कड़ा रुख अपनाया है। 15 लोगों की मौत से जुड़े इस मामले में शीर्ष अदालत ने लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष को तलब करते हुए व्यक्तिगत रूप से पेश होने का निर्देश दिया है।
सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान एलडीए वीसी को फटकार लगाते हुए कहा कि मामले की SIT जांच रिपोर्ट सीलबंद लिफाफे में अदालत के समक्ष प्रस्तुत की जाए। अदालत ने स्पष्ट किया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारी को स्वयं उपस्थित होकर जवाब देना होगा।
गौरतलब है कि अलीगंज अग्निकांड में 15 लोगों की दर्दनाक मौत हुई थी। इस घटना के बाद भवन निर्माण, सुरक्षा मानकों और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर कई सवाल उठे थे। मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल का गठन किया गया था। अब सुप्रीम कोर्ट के सख्त रुख के बाद मामले की सुनवाई और जांच पर सभी की नजरें टिकी हैं।



