
गोपाल सिंह, लखनऊ, अमृत विचार : शहर को जल्द ही एक और स्पोर्ट्स सेंटर मिलने वाला है। लगभग 25 करोड़ की लागत से नगर निगम जोन 8 के हरिहरपुर में ”रैकेट स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स” बनाया जाएगा। लुलु मॉल के ठीक सामने दो मंजिला डबल हाइट का कॉम्प्लेक्स में चार बैडमिंटन कोर्ट, दो स्क्वैश कोर्ट और एक टेबल टेनिस हॉल बनाया जाएगा। उप्र जल निगम के सीएंडडीएस विभाग को इस स्पोर्ट्स सेंटर के निर्माण की जिम्मेदारी दी गई है। सीएंडडीएस के प्रोजेक्ट मैनेजर शैलेंद्र प्रकाश ने बताया कि डीपीआर तैयार हो गई है, जल्द ही टेंडर कराके निर्माण कार्य भी शुरू करा दिया जाएगा।
कॉम्प्लेक्स में पुरुष और महिला खिलाड़ियों के लिए अलगअलग, चेंजिंग रूम,शौचालय बनाए जाएंगे। लिफ्ट लगाने के अलावा कैफेटेरिया भी बनाया जाएगा, जिसमें खानपान की सुविधा रहेगी। इस स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स बन जाने के बाद शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों की प्रतिभा निखारने का मौका मिलेगा साथ ही उन्हें दूर नहीं जाना पड़ेगा। अभी शहर के दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले युवाओं को टेबल टेनिस और बैडमिंटन खेलने के लिए गोमती नगर और हजरतगंज जाना पड़ता है। विजयंत खंड स्थित मिनी स्टेडियम और विनयखंड स्थित मिनी स्टेडियम में टेबल टेनिस और बैडमिंटन कोर्ट हैं। केडी सिंह स्टेडियम में अब बैडमिंटन और टेबल टेनिस की सुविधा नहीं है। इसके अलावा शहर में कई निजी एकेडमी हैं।
ः



