बॉलीवुड की दुनिया चकाचौंध से भरी है, लेकिन इस चकाचौंध भरी दुनिया में कई अहम चीजें कहीं न कहीं खो जाती हैं। जैसे कलाकारों की निजी जिंदगी, उनकी भावनाएं और मानसिक शांति। बाहर से भले ही सब कुछ परफेक्ट दिखता है, लेकिन अंदर ही अंदर कई लोग अकेलेपन, दबाव और असुरक्षा से जूझ रहे होते हैं। अब हम आपको एक ऐसी अभिनेत्री के बारे में बताते हैं, जिन्होंने 16 साल की उम्र में अपना डेब्यू सलमान खान की फिल्म से किया था।

जब वह इंडस्ट्री में आईं तो उनकी आंखों में उम्मीद और वह कुछ बड़ा करने की चाहत थी। हालांकि, किस्मत को शायद कुछ और ही मंजूर था और जितनी अचानक वह मूवी में आई थीं, उतनी ही अचानक वह गायब भी हो गईं। ये अभिनेत्री कोई और नहीं, बल्कि ‘वीरगति’ में सलमान खान की कोस्टार रह चुकीं पूजा डडवाल थीं। अब सालों बाद उनका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह बेहद मुश्किलों के साथ अपना गुजारा करते नजर आ रही हैं।
बीबीसी को दिए एक इंटरव्यू में पूजा ने अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए बताया कि उन्होंने जैसे ही एक्टिंग क्लास शुरू की, तभी उन्हें अपना पहला बड़ा ब्रेक मिल गया। एक टीनेजर के लिए यह किसी सपने से कम नहीं था। सलमान खान से जुड़ी फिल्म में काम करना और उम्मीदों से भरी एक नई दुनिया में कदम रखना मेरी जिंदगी का सबसे खुशनुमा दौर था।
फिल्मों में खुद को पूरी तरह स्थापित करने से पहले ही पूजा डडवाल ने टेलीविजन की तरफ रुख कर लिया। उन्होंने कई प्रोजेक्ट्स में काम किया और 2001 में जी टीवी के शो ‘घराना’ में उनकी आखिरी बड़ी भूमिका देखने को मिली। अमन वर्मा और सुचेता खन्ना जैसे कलाकारों वाले इस शो ने उन्हें पहचान दिलाई। ऐसा लग रहा था कि उनका करियर अब सही दिशा में आगे बढ़ रहा है। तभी उनकी जिंदगी ने एक नया मोड़ लिया।
इसी दौरान पूजा की मुलाकात राजेंद्र सिंह से हुई, जो उस मुश्किल समय में भी उनके साथ खड़े रहे जब सब कुछ बिखरने लगा था। लेकिन जैसे ही उनका प्रोफेशनल जीवन संभलने लगा, उनकी सेहत बिगड़ने लगी। इसके बाद जो हुआ, वह सिर्फ एक मेडिकल समस्या नहीं थी, बल्कि उनकी जिंदगी का एक बेहद निजी और कठिन दौर था। उन्होंने एक बार बीबीसी से कहा था, “लोग सपने देखते हैं और अचानक उन्हें ऐसे बाहर फेंक दिया जाता है जैसे वे कोई कीड़ा हों, सिर्फ इसलिए क्योंकि वे एक स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहे होते हैं।”
बीमार हुई तो परिवार ने छोड़ा अकेले पूजा
पूजा डडवाल के पास एक्टिंग का कोई काम नहीं था और वह गोवा के एक कसीनो में नौकरी करने लगी थीं। तभी उनकी तबीयत इतनी बिगड़ गई कि उनके दोनों फेफड़े बुरी तरह खराब हो गए। उन्हें याद है कि कैसे उन्हें खून की उल्टी होती थी, भूख लगना बंद हो गया था और वे दिनबदिन कमजोर होती जा रही थीं। जिस समय उन्हें सबसे ज़्यादा सहारे की जरूरत थी, उसी समय उनके परिवार ने उन्हें छोड़ दिया। तब राजेंद्र ने आगे बढ़कर उनकी मदद की, उन्हें मुंबई ले गए और यह पक्का किया कि उन्हें सही इलाज मिले और सबसे बुरे दौर में भी उनके साथ खड़े रहे। इलाज के दौरान उन्हें टीबी की बीमारी निकली।
सलमान खान से मांगी मदद
2018 में पूजा डडवाल ने सलमान खान को संबोधित करते हुए एक वीडियो रिकॉर्ड किया। उसमें वह पैसों की मांग नहीं कर रही थीं, बल्कि सिर्फ इलाज तक पहुंचने में मदद चाहती थीं। यह वीडियो वायरल हो गया और ‘बीइंग ह्यूमन’ फाउंडेशन ने आगे आकर उनके इलाज का खर्च उठाया और उनकी रिकवरी में मदद की। उस दौर को याद करते हुए उन्होंने मुंबई मिरर से बताया कि अस्पताल के वार्ड में लेटेलेटे उन्होंने लगभग उम्मीद छोड़ दी थी। उनके आसपास लोग उसी बीमारी से जूझते हुए, अकेले और बेसहारा दम तोड़ रहे थे। लेकिन उनके अंदर कुछ था जिसने हार नहीं मानी। उन्होंने लड़ाई जारी रखी और बच गईं।
अब पूजा डडवाल ऐसे कर रही हैं गुजारा
आज पूजा डडवाल एक छोटे से 10×10 के कमरे में रहती हैं और घर का खर्च चलाने के लिए टिफिन सर्विस चलाती हैं। घर का राशन खरीदने के लिए वह हर दिन कुछ सौ रुपये बचाती हैं।



