
लखनऊ, अमृत विचार: लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम स्थित अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देश्यीय हॉल में शनिवार से तृतीय डब्लूएमएसकेएफ ऑल इंडिया कराटे चैंपियनशिप का आगाज होने जा रहा है। दो दिनों तक चलने वाली इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए करीब 600 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और ताकत का प्रदर्शन करेंगे।
आयोजन सचिव संतोष कुमार के अनुसार, इस प्रतियोगिता में मेजबान उत्तर प्रदेश के अलावा पंजाब, गुजरात, गोवा, झारखंड और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता में सबसे बड़ा दल उत्तर प्रदेश का है, जिसमें 350 खिलाड़ी शामिल हैं। इस दो दिवसीय चैंपियनशिप में सबजूनियर, कैडेट, जूनियर और सीनियर वर्गों में मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। खिलाड़ी कुमिते स्पर्धा के 110 भार वर्गों और काता स्पर्धा की 30 श्रेणियों में अपनी चुनौती पेश करेंगे। पूरी प्रतियोगिता के दौरान कुल 140 स्वर्ण, 140 रजत और 280 कांस्य पदकों के लिए खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी।
ः



