Maharashtra TET Paper Leak Case UP Connection: महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा पेपर लीक मामले में हर दिन परतदरपरत चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। इस पूरे महाघोटाले के तार अब उत्तर प्रदेश के आगरा और बिहार से जुड़ते नजर आ रहे हैं। जांच में सामने आया है कि महाराष्ट्र TET परीक्षा के पेपर पिछले 25 वर्षों से यूपी के आगरा स्थित एक निजी प्रिंटिंग प्रेस में छप रहे थे। इस प्रेस का नाम ‘महीम पैटरम प्रा. लि.’ बताया जा रहा है। इस खुलासे के बाद अब यह गंभीर सवाल उठने लगा है कि क्या पूरे महाराष्ट्र में एक भी ऐसा सुरक्षित सरकारी या निजी प्रिंटिंग प्रेस नहीं था, जहां इन गोपनीय प्रश्नपत्रों को प्रकाशित किया जा सके?

पुलिस जांच के अनुसार, आगरा की इस प्रिंटिंग प्रेस के संचालकों में पीयुष कपूर, मिलान कपूर और सुनीता कपूर के नाम सामने आए हैं। वहीं, अगर इस पूरे रैकेट के मुख्य आरोपियों की बात करें तो इसमें शामिल एक आरोपी हरियाणा का और दो बिहार के रहने वाले हैं। इस पूरे खेल का मुख्य मास्टरमाइंड बिजेंद्र गुप्ता भी बिहार के समस्तीपुर का निवासी है, जो फिलहाल फरार चल रहा है।
डेढ़ करोड़ की डिमांड, 25 लाख में हुआ था लीक पेपर का सौदा
इस बड़े रैकेट का भंडाफोड़ भिवंडी के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस पवन बंसोड़ की मुस्तैदी के कारण हुआ। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ठाणे में कुछ लोग TET का लीक पेपर बेचने की फिराक में हैं। इसके बाद भिवंडी पुलिस ने सादे कपड़ों में ठाणे जिले में जाल बिछाया।
जब पुलिसकर्मियों ने फर्जी ग्राहक बनकर आरोपियों से संपर्क किया, तो उन्होंने पेपर के बदले सीधे 1.5 करोड़ रुपये की मांग की। काफी मोलभाव के बाद सौदा 25 लाख रुपये में तय हुआ। जैसे ही डील पक्की हुई, पुलिस ने तुरंत छापा मारकर तीन आरोपियों को रंगे हाथों हिरासत में ले लिया। आरोपियों के पास से पुलिस को 3 क्यूआर कोड भी बरामद हुए हैं, जिनका इस्तेमाल लेनदेन के लिए किया जा रहा था।
विधानसभा में गूंजा पेपर लीक का मुद्दा
का मुद्दा महाराष्ट्र विधानसभा के मानसून सत्र में भी गूंजा। विपक्ष के भारी हंगामे और तीखे सवालों के बाद शिक्षा मंत्री दादा भुसे ने सदन को आश्वस्त किया कि इस मामले के दोषियों पर मकोका के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, कानूनी तौर पर मकोका लगाने का अधिकार गृह विभाग के पास होता है, जिसके प्रमुख राज्य के मुख्यमंत्री और गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस हैं।
मुख्य आरोपी की पत्नी समेत 4 अरेस्ट
ठाणे पुलिस ने TET पेपर लीक मामले के फरार मुख्य आरोपी की पत्नी सुमन कुमारी को गिरफ्तार किया है। ठाणे पुलिस की टीम बिजेंद्र गुप्ता को पकड़ने बिहार के समस्तीपुर जिला अंतर्गत कुम्हरार स्थित पहुंची थी। लेकिन वह नहीं मिला। पुलिस ने उसकी पत्नी को पटना के शेरपुर से गिरफ्तार कर मंगलवार को भिवंडी कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 6 जुलाई तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया। इस मामले में यह चौथी गिरफ्तारी है। पुलिस जांच में यह खुलासा भी हुआ है कि बिजेंद्र का नाम 2023 में ओडिशा के एसएससी पेपर लीक मामले में भी सामने आया था।



