मीठा खाना कई लोगों को पसंद होता है. खासकर खाने के बाद या शाम के समय डेजर्ट खाने की क्रेविंग हो सकती है. ऐसे में अगर आप स्वाद के साथ सेहत का भी ध्यान रखना चाहते हैं, तो स्ट्रॉबेरी से बने डेजर्ट ट्राई कर सकते हैं. स्ट्रॉबेरी का स्वाद खट्टामीठा होता है और यह डेजर्ट को फ्रेश फ्लेवर देती है. इसमें विटामिन सी, फोलेट, पोटैशियम और फाइबर जैसे कई पोषक तत्व पाए जाते हैं. स्ट्रॉबेरी में पानी की मात्रा भी अच्छी होती है, इसलिए इससे बने डेजर्ट हल्के और स्वादिष्ट लगते हैं.

को दही, ओट्स, नट्स और दूसरी चीजों के साथ मिलाकर कई तरह के डेजर्ट बनाए जा सकते हैं. घर पर इन्हें बनाने से चीनी और दूसरी चीजों की मात्रा भी अपने हिसाब से रख सकते हैं. स्ट्रॉबेरी से बने डेजर्ट स्वाद में अच्छे होने के साथ डाइट में फल शामिल करने का एक आसान तरीका हो सकते हैं. अगर आपको भी मीठा खाने की क्रेविंग होती है, तो स्ट्रॉबेरी से बने ये डेजर्ट जरूर ट्राई करें. आइए जानते हैं.
स्ट्रॉबेरी से बनाएं ये 4 हेल्दी डेजर्ट
स्ट्रॉबेरी ओट्स पुडिंग
एक कटोरी में 4 चम्मच ओट्स, आधा कप दूध और 1 चम्मच चिया सीड्स मिलाएं. इसे रातभर फ्रिज में रखें. सुबह इसमें कटी हुई स्ट्रॉबेरी और थोड़े नट्स डालें. ओट्स और चिया सीड्स से फाइबर मिलता है, जबकि स्ट्रॉबेरी से विटामिन सी मिलता है. यह पेट को लंबे समय तक भरा रखने में मदद कर सकता है.
स्ट्रॉबेरी बनाना फ्रोजन बार
स्ट्रॉबेरी और केले को ब्लेंड करके गाढ़ा मिश्रण तैयार करें. इसमें थोड़ा दही मिलाकर इसे बटर पेपर लगी प्लेट में फैलाएं. ऊपर से कटे बादाम और स्ट्रॉबेरी डालकर 3 से 4 घंटे फ्रीजर में रखें. जमने के बाद इसे छोटे टुकड़ों में काटकर सर्व करें. स्ट्रॉबेरी से विटामिन सी और फाइबर, जबकि केले से पोटैशियम और कार्बोहाइड्रेट मिलते हैं.
फ्रोजन स्ट्रॉबेरी बाइट्स
स्ट्रॉबेरी को धोकर अच्छी तरह सुखाएं और छोटे टुकड़ों में काट लें. इन्हें पिघली हुई डार्क चॉकलेट में डुबोकर बटर पेपर पर रखें. करीब 12 घंटे फ्रीजर में जमाएं और फिर सर्व करें. स्ट्रॉबेरी से विटामिन सी और फाइबर मिलता है. डार्क चॉकलेट स्वाद के साथ एंटीऑक्सीडेंट भी देती है.
स्ट्रॉबेरी बनाना स्मूदी बाउल
ब्लेंडर में 1 केला, 5 से 6 स्ट्रॉबेरी और थोड़ा दही डालकर गाढ़ा स्मूदी तैयार करें. इसे कटोरी में निकालकर ऊपर से स्ट्रॉबेरी, चिया सीड्स और थोड़े नट्स डालें. केले से कार्बोहाइड्रेट और पोटैशियम, जबकि स्ट्रॉबेरी से विटामिन सी और फाइबर मिलता है. यह सुबह या शाम हल्के डेजर्ट के तौर पर लिया जा सकता है.
स्ट्रॉबेरी डेजर्ट बनाते समय किन बातों का रखें ध्यान?
स्ट्रॉबेरी से डेजर्ट बनाते समय ताजी और अच्छी क्वालिटी की स्ट्रॉबेरी चुनें. ऐसी स्ट्रॉबेरी लें जो चमकीली, लाल और बिना दाग या फफूंदी के हो. स्ट्रॉबेरी को खाने या डेजर्ट में इस्तेमाल करने से पहले बहते पानी में अच्छी तरह धोएं और फिर साफ कपड़े से सुखा लें.
इन्हें लंबे समय तक पानी में भिगोकर न रखें. स्टोर करने के लिए स्ट्रॉबेरी को फ्रिज में रखें और इस्तेमाल से पहले ही धोएं. डेजर्ट में चीनी, क्रीम और चॉकलेट की मात्रा ज्यादा न रखें.



