जल संरक्षण पर निबंध लेखन प्रतियोगिता की विजेता छात्राओं को प्रमाणपत्र देकर किया सम्मानित
होशियारपुर : पूर्व सांसद एवं श्रीमती कौशल्या देवी खन्ना श्री प्रकाश राय खन्ना मेमोरियल ट्रस्ट, गढ़शंकर के चेयरमैन अविनाश राय खन्ना द्वारा जिला रेडक्रॉस कार्यालय में तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से जल संरक्षण विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को जल के महत्व, पानी की लगातार घटती उपलब्धता तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संरक्षण की आवश्यकता के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने जल संरक्षण, पानी के सदुपयोग, वर्षा जल संचयन तथा जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार निबंध के रूप में प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली तरनप्रीत कौर, सोनिआ, खुशप्रीत कौर, मंजीत कौर और सिमरन को श्रीमती कौशल्या देवी खन्ना श्री प्रकाश राय खन्ना मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर खन्ना ने कहा कि जल केवल प्राकृतिक संसाधन नहीं, बल्कि जीवन का आधार है। आज आवश्यकता है कि जल संरक्षण को केवल सरकारी अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे जनआंदोलन बनाया जाए। विद्यार्थियों में छोटी उम्र से ही पानी के महत्व और उसके संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना आने वाले समय के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि आज हम जल की एकएक बूंद को बचाने के प्रति गंभीर नहीं हुए तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ सकता है।
उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे स्वयं जल संरक्षण के उपाय अपनाने के साथसाथ अपने परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। खन्ना ने कहा कि “जल बचाना केवल प्रकृति को बचाना नहीं, बल्कि मानव जीवन और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित करना है।” उन्होंने विद्यार्थियों को ऐसे सामाजिक एवं पर्यावरणीय विषयों पर निरंतर जागरूकता गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में ट्रस्ट के चेयरमैन अविनाश राय खन्ना की ओर से प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की गई तथा उन्हें पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। इस मौके पर एस.पी. दीवान, पूर्व पुलिस अधिकारी रविंदर, अधिवक्ता विनय शर्मा आदि भी उपस्थित थे।



