Shri Krishna Janmasthan Kar Seva: श्रीकृष्ण जन्मस्थान मंदिर निर्माण को लेकर साधुसंतों द्वारा किए गए कारसेवा के आह्वान के बीच मथुरा में रविवार को पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। कारसेवा की घोषणा के बाद शाही ईदगाह मस्जिद की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। इसी दौरान आगरा से मथुरा पहुंचे चार लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए लोगों में अखिल भारत हिंदू महासभा की आगरा जिला अध्यक्ष मीरा ठाकुर भी शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, चारों लोग आगरा से मथुरा पहुंचे थे और शाही ईदगाह पर कारसेवा करने के उद्देश्य से वहां जाने का प्रयास कर रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही उन्होंने शाही ईदगाह के दरवाजे से अंदर प्रवेश करने का प्रयास किया, वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक लिया और हिरासत में ले लिया।
पुलिस चारों लोगों को पूछताछ के लिए थाना गोविंद नगर ले गई। पुलिस अधिकारियों द्वारा हिरासत में लिए गए लोगों से पूरे घटनाक्रम के संबंध में जानकारी ली जा रही है। प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए किसी भी तरह की स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
शाही ईदगाह के आसपास बढ़ाई गई निगरानी
कारसेवा के आह्वान को देखते हुए शाही ईदगाह और उसके आसपास के क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है। संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ आनेजाने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस अधिकारी लगातार क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि कानूनव्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। किसी भी व्यक्ति को ऐसा कदम उठाने की अनुमति नहीं दी जाएगी जिससे क्षेत्र में शांति या कानूनव्यवस्था प्रभावित हो।
कारसेवा के आह्वान के बाद प्रशासन अलर्ट
मंदिर निर्माण को लेकर साधुसंतों द्वारा कारसेवा का आह्वान किए जाने के बाद मथुरा में पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ाई गई थी। शहर के संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की गई है। शाही ईदगाह के आसपास भी अतिरिक्त निगरानी रखी जा रही है।
वहीं, दूसरी ओर गोवर्धन क्षेत्र स्थित चित्रगुप्त पीठ पर साधुसंतों द्वारा धार्मिक अनुष्ठान और हवनयज्ञ के साथ कारसेवा की शुरुआत की गई है। इसी क्रम में शाही ईदगाह की ओर जाने की कोशिश कर रहे चार लोगों को हिरासत में लिए जाने से सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है और कानून के दायरे में रहकर कार्रवाई की जा रही है। लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील भी की जा रही है।
शाही ईदगाह की सुरक्षा बढ़ाए जाने और चार लोगों के हिरासत में लिए जाने के बाद मथुरा में पूरी तरह अलर्ट हैं। पुलिस और प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है, जबकि किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।



