Satya Report: हिमाचल प्रदेश की हिमकेयर योजना में घोटाले का अनोखा मामला सामने आया है. यहां पैसे हड़पने के लिए योजना के तहत पुरुषों के ओवरी का ऑपरेशन तक दिखाया गया. मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस मामले पर जांच के आदेश भी दे दिए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि इस योजना के तहत पुरुषों की ओवरी यानी अंडाशय की फर्जी सर्जरी की गई है.

मंगलवार को उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के समय शुरू की गई हिमकेयर योजना में कथित गड़बड़ियों की जांच के आदेश दे दिए हैं. मुख्यमंत्री ने याद दिलाया कि पिछले महीने बजट सत्र के दौरान भी उन्होंने विधानसभा में बताया था कि आंतरिक ऑडिट में कई अनियमितताएं सामने आई हैं. इनमें पुरुषों की अंडाशय सर्जरी के बिल और एक्सपायर्ड लेंस प्रत्यारोपण जैसे मामले शामिल हैं. .
हिमकेयर योजना उन परिवारों को सालाना पांच लाख रुपये तक के इलाज के लिए मुफ्त कैशलेस सुविधा देती है, जो केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना के दायरे में नहीं आते. यह योजना पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल में शुरू की गई थी.
सुक्खू ने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश की पूर्व सरकार को उनकी सरकार की तुलना में करीब 60,000 करोड़ रुपये अधिक मिले थे, लेकिन उस धन का सही इस्तेमाल नहीं हुआ और दुरुपयोग किया गया.
मुख्यमंत्री ने कांगड़ा जिले के फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के लिए 10 करोड़ रुपये देने की घोषणा की. साथ ही उन्होंने बताया कि शाह नहर परियोजना के मुख्य अभियंता का कार्यालय, जिसे पहले फतेहपुर से मंडी स्थानांतरित कर दिया गया था, अब दोबारा फतेहपुर में ही स्थापित किया जाएगा.
इसके अलावा सुक्खू ने क्षेत्र के महिला मंडलों को 20,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने और वजीर राम सिंह स्टेडियम के जीर्णोद्धार के लिए 50 लाख रुपये उपलब्ध कराने की घोषणा भी की.



