Chhattisgarh

‘तुम्हारे 5 रुपये के पुराने नोट की कीमत 37,94,000…’ सुनकर चकराया युवक, डील के बाद हो गया खेला

Satya Report: छत्तीसगढ़ के खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां पुराने 5 रुपये के नोट के बदले लाखों रुपये दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 11 लाख से ज्यादा की ठगी की गई. इस मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय ठग गिरोह के एक मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी को हरियाणा के नूंह (मेवात) जिले से पकड़ा गया है और उससे पूछताछ जारी है.

‘तुम्हारे 5 रुपये के पुराने नोट की कीमत 37,94,000…’ सुनकर चकराया युवक, डील के बाद हो गया खेला
‘तुम्हारे 5 रुपये के पुराने नोट की कीमत 37,94,000…’ सुनकर चकराया युवक, डील के बाद हो गया खेला

पुलिस ने बताया कि पद्मावतीपुर निवासी 39 वर्षीय नेताराम देवांगन को वाट्सऐप पर एक संदेश मिला था. इस मैसेज में पुराने सिक्कों और नोटों के बदले मोटी रकम मिलने का लालच दिया गया था. लालच में आकर पीड़ित ने 5 रुपये के पुराने नोट की तस्वीर भेजी, जिसके बदले जालसाजों ने उसे 37,94,000 रुपये दिलाने का वादा किया. इतनी बड़ी रकम पाने की चाह में वह धीरे-धीरे ठगों के जाल में फंसता चला गया. .

फीस और डर दिखाकर वसूले लाखों रुपये

आरोपियों ने पीड़ित से प्रोसेसिंग फीस, कस्टम क्लियरेंस और अन्य शुल्कों के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में पैसे जमा करवाए. इतना ही नहीं, उन्होंने पुलिस कार्रवाई का डर दिखाकर भी उससे पैसे ऐंठे. इस तरह अलग-अलग किस्तों में कुल 11,70,000 रुपये की ठगी कर ली गई. जब पीड़ित को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का एहसास हुआ, तब उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.

तकनीकी जांच से हुआ बड़ा खुलासा

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की. तकनीकी विश्लेषण में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए. ठगों ने इस वारदात को अंजाम देने के लिए करीब 20 अलग-अलग बैंक खातों और 30 से 40 फर्जी सिम कार्डों का इस्तेमाल किया था. लगातार लोकेशन ट्रैकिंग और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम हरियाणा पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

आरोपी से मोबाइल और एटीएम कार्ड बरामद

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद जाहिर (19 वर्ष), निवासी ग्राम डूंगेजा, थाना पिंगवा, जिला नूंह (हरियाणा) के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके पास से 9 मोबाइल फोन, 2 एटीएम कार्ड और 4,000 रुपये नकद बरामद किए हैं. पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है.

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे इस तरह के लालच भरे संदेशों से सावधान रहें और किसी भी अनजान व्यक्ति को पैसे न भेजें. साथ ही, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply