
लड़की ने पुलिस को बताया है कि हैवान ने पहले उसे बैड टच किया था। जब उसने इसका विरोध किया तो हैवान ने उसके साथ रेप की वारदात को अंजाम दिया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा है।
बिहार के जमुई कांड ने सभी को स्तब्ध कर रखा है। यहां नाबालिग छात्र के साथ सड़क पर सरेआम हैवानियत की गई। अब बिहार के ही बेगूसराय में एक अधेड़ ने नाबालिग लड़की को अपनी हवस का शिकार बनाया है। बताया जा रहा है कि इस दरिंदे ने पहले जब 15 साल की लड़की को गलत तरीके से छुआ तो उसने उसका विरोध किया। इसके बाद इस दरिंदे ने लड़की को अपनी हवस का शिकार बना लिया। जानकारी के मुताबिक, बेगूसराय में साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार को गाय चराने के दौरान एक अधेड़ द्वारा एक 15 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म करने का सनसनीखेज मामला सामने आया। इस मामले की शिकायत लेकर पीड़िता परिजनों के साथ थाने पहुंची।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सबसे पहले पीड़िता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया और उसके फर्द बयान के आधार पर आरोपी संजय यादव को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि पीड़िता ने एसडीपीओ बलिया के समक्ष स्थानीय थाना पुलिस को दिये अपने फर्द बयान में बताया कि वह दोपहर करीब तीन बजे गांव के समीप खेत में गाय चरा रही थी। इसी क्रम में आरोपी उसके साथ गलत स्पर्श करने लगा। जब वह विरोध की तो आरोपी ने उक्त घृणित घटना को अंजाम दिया। थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि पीड़िता के बेहतर इलाज व मामले की जांच को लेकर सदर अस्पताल भेजा गया है।
कोचिंग में नाबालिग छात्रा से यौन शोषण का आरोप, केस
इधर बखरी थाना क्षेत्र में कोचिंग पढ़ने वाली 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा से यौन शोषण का मामला सामने आया है। छात्रा की मां के लिखित आवेदन पर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस को दिए आवेदन में छात्रा की मां ने आरोप लगाया है कि उनकी पुत्री बखरी स्थित एक कोचिंग संस्थान में पढ़ती थी। उसी कोचिंग में पढ़ाने वाला युवक पिछले करीब एक वर्ष से मोबाइल फोन पर छात्रा से बातचीत करता था। आरोप है कि युवक ने छात्रा को अनुमंडल गेस्ट हाउस के पास स्थित पीपल के पेड़ के समीप बुलाया और उसके साथ दो बार शारीरिक संबंध बनाया। पुलिस के अनुसार, छात्रा के परेशान रहने पर परिजनों को घटना की जानकारी मिली। इसके बाद परिजनों ने आरोपी युवक और कोचिंग संचालक से मामले को लेकर पूछताछ की। आवेदन में दोनों पर धमकी देने का भी आरोप है।
महिला कर्मी के साथ छेड़खानी की कोशिश
बेगूसराय के ही बीहट बरौनी विद्युत सब ग्रिड में बतौर तकनीशियन कार्यरत महिला कर्मी के साथ छेड़खानी की कोशिश करने का मामला सामने आया है। मामला 18 सितंबर का है। बरौनी थाना को दिए आवेदन में महिला कर्मी ने बताया कि पिपरादेवस में किराए के मकान से ड्यूटी जाने के क्रम में एक 20 वर्षीय अज्ञात युवक ने उसके साथ छेड़खानी की कोशिश की। उसके साथ धक्का मुक्की करते हुए उसे गढ्ढे में धकेल दिया गया। उनके द्वारा हल्ला करने पर आस पास खेत में काम करने वाले लोग जब आए तब वह लड़का भाग खड़ा हुआ।


