Satya Report: MS Dhoni Injury Update: आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स के फैंस जिस पल का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, वह अभी और दूर जाता दिख रहा है। एमएस धोनी की वापसी को लेकर उम्मीदें लगातार बनी हुई थीं, लेकिन ताजा अपडेट ने फैंस को बड़ा झटका दिया है। टीम के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने साफ किया है कि धोनी की पिंडली की चोट एक बार फिर उभर आई है, जिससे उनकी वापसी में देरी हो रही है।

टूर्नामेंट से पहले लगी इस चोट को शुरुआत में मामूली माना जा रहा था और उम्मीद थी कि धोनी दो हफ्तों में वापसी कर लेंगे। हालांकि अब करीब एक महीना बीत चुका है और चेन्नई सुपर किंग्स अपने आठ मुकाबले खेल चुकी है, लेकिन धोनी अब तक मैदान पर नहीं उतरे हैं।
वॉर्मअप मैच में बढ़ी परेशानी
रिपोर्ट के अनुसार, स्टीफन फ्लेमिंग ने टीम की हालिया हार के बाद मीडिया से बातचीत में खुलासा किया कि वॉर्मअप मैच के दौरान धोनी की चोट फिर से उभर गई थी। इसी वजह से उनकी वापसी को टालना पड़ा।
फ्लेमिंग ने बताया कि पिंडली की चोट काफी संवेदनशील होती है और इसमें जल्दबाजी करना नुकसानदायक साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि अगर धोनी जल्दी वापसी करते और फिर से चोटिल हो जाते, तो उन्हें लंबे समय के लिए बाहर रहना पड़ सकता था। टीम ने शुरुआत में उनकी वापसी को लेकर थोड़ा जोखिम लिया, लेकिन वॉर्मअप के दौरान समस्या फिर सामने आ गई, जिससे रिकवरी में अधिक समय लग रहा है।
फिटनेस पर लगातार काम कर रहे धोनी
हालांकि मैदान से दूर रहने के बावजूद अपनी फिटनेस पर लगातार काम कर रहे हैं। वह नेट्स में नियमित रूप से बल्लेबाजी करते नजर आ रहे हैं और थ्रोडाउन के जरिए अभ्यास कर रहे हैं। इसके अलावा उन्हें फिजियो के साथ दौड़ते और मूवमेंट पर काम करते भी देखा गया है। फ्लेमिंग ने कहा कि धोनी अपनी रिकवरी को लेकर पूरी तरह समर्पित हैं और हर दिन सुधार की दिशा में मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने यह भी साफ किया कि टीम उनके पूरी तरह फिट होने का इंतजार कर रही है और किसी भी तरह की जल्दबाजी नहीं की जाएगी।
धोनी की गैरमौजूदगी का असर के प्रदर्शन पर भी साफ दिख रहा है। टीम अब तक खेले गए 8 मैचों में से 5 हार चुकी है और पॉइंट्स टेबल में छठे स्थान पर बनी हुई है। मिडिल ऑर्डर में अनुभव की कमी भी महसूस की जा रही है। अब सीएसके को अपना अगला मुकाबला 2 मई को मुंबई इंडियंस के खिलाफ घरेलू मैदान पर खेलना है। इस मैच से पहले टीम को कुछ दिनों का ब्रेक मिला है, जिसमें उम्मीद की जा रही है कि धोनी की फिटनेस को लेकर कोई सकारात्मक अपडेट सामने आ सकता है।



