BusinessIndia

​एलन मस्क के स्टारलिंक को टक्कर देंगे मुकेश अंबानी, अंतरिक्ष में 1600 सैटेलाइट का जाल बिछाने की तैयारी!

Reliance Jio Space Plan: देश के हर कोने में तेज इंटरनेट पहुंचाने की रेस अब जमीन से निकलकर आसमान में पहुंच चुकी है. अरबपति कारोबारी मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाला रिलायंस ग्रुप अब अंतरिक्ष में अपना एक विशाल सैटेलाइट ब्रॉडबैंड नेटवर्क खड़ा करने की तैयारी में है. मामले की जानकारी रखने वाले लोगों के मुताबिक, रिलायंस अपने प्रस्तावित 1,600 सैटेलाइट वाले नेटवर्क को बनाने के लिए अलगअलग कंपनियों के साथ साझेदारी की तलाश कर रहा है. इस कदम का मकसद एलन मस्क की कंपनी स्टारलिंक के सामने पूरी तरह से भारतीय नियंत्रण वाला एक मजबूत विकल्प खड़ा करना है.

​एलन मस्क के स्टारलिंक को टक्कर देंगे मुकेश अंबानी, अंतरिक्ष में 1600 सैटेलाइट का जाल बिछाने की तैयारी!

जियो को मिलेगी ताकत, देसी कंपनियों से चल रही बात

रिलायंस का लक्ष्य साल 2035 तक पृथ्वी की निचली कक्षा में अपना सैटेलाइट नेटवर्क तैयार करना है. ये पूरा प्रोजेक्ट हाल ही में शेयर बाजार में लिस्ट हुई कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड की ग्रोथ को सहारा देने के लिए बनाया गया है. योजना अभी निजी है, इसलिए सूत्रों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि रिलायंस इस वक्त भारतीय सैटेलाइट निर्माताओं, टेक्नोलॉजी स्टार्टअप्स के अलावा बड़े औद्योगिक समूहों से बातचीत कर रहा है. रिलायंस ने इस काम के लिए जरूरी बुनियादी ढांचा तैयार करने में खुद पैसा लगाने की पेशकश भी की है.

सरकार भी चाहती है कि रणनीतिक क्षमताएं विकसित करने में निजी क्षेत्र आगे आए. ठीक वैसे ही जैसे सरकारी पहल के तहत टाटा ग्रुप सेमीकंडक्टर से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण में भारी निवेश कर रहा है.

हर साल बनाने होंगे 200 सैटेलाइट

ये प्रोजेक्ट भारत की अंतरिक्ष से जुड़ी महत्वाकांक्षाओं की सबसे बड़ी चुनौती को भी सामने लाता है. जानकारी के मुताबिक, भारत में फिलहाल हर साल 15 से भी कम सैटेलाइट बनते हैं. जबकि रिलायंस के इस नेटवर्क को खड़ा करने के लिए हर साल करीब 200 सैटेलाइट बनाने की जरूरत होगी. रिलायंस इसी बड़े अंतर को पाटने की कोशिश के केंद्र में है.

कंपनी घरेलू निर्माण के साथसाथ विदेशों से आयात का रास्ता भी अपनाएगी. रिलायंस सितंबर 2027 में अपना पहला टेस्ट मिशन करने की दिशा में काम कर रही है, जिसके बाद साल 2028 की शुरुआत से बड़े स्तर पर सैटेलाइट तैनात किए जाएंगे. इसके लिए अमेरिका से कम से कम 400 सैटेलाइट मंगाने की योजना है. पहले इस पूरे नेटवर्क को 2030 तक पूरा करने का लक्ष्य था, लेकिन निर्माण क्षमता के साथसाथ लॉन्चिंग की दिक्कतों के चलते अब इसे बढ़ाकर 2035 कर दिया गया है. सैटेलाइट खरीदने के लिए कंपनी दो अमेरिकी कंपनियों से बात कर रही है, साथ ही यूरोप के सप्लायर्स को भी परख रही है. हालांकि, रिलायंस ने अपने इस प्लान से चीन को पूरी तरह बाहर रखा है. इस पूरे मामले पर रिलायंस को भेजे गए ईमेल का कोई जवाब नहीं मिला है.

सीमा पर तनाव के समय देश के काम आएगा नेटवर्क

एलन मस्क के स्टारलिंक के पास दुनियाभर में 10,000 से ज्यादा सैटेलाइट का नेटवर्क है. रिलायंस का सिस्टम स्टारलिंक से मुकाबला तो करेगा, लेकिन इसका मुख्य फोकस भारत की अपनी कनेक्टिविटी के अलावा रणनीतिक जरूरतों को पूरा करना है. युद्ध या भूराजनीतिक तनाव के समय ये नेटवर्क देश के रणनीतिक संचार के काम भी आ सकेगा.

हाल ही में पड़ोसी देश पाकिस्तान के साथ हुए सीमा विवाद के बाद से नई दिल्ली के लिए अपनी घरेलू अंतरिक्ष ताकत को बढ़ाना बेहद जरूरी हो गया है. सरकार निगरानी करने वाले सैटेलाइट्स में निवेश बढ़ा रही है. दूसरी तरफ, भारत में स्टारलिंक की एंट्री अभी भी सुरक्षा जांच के दायरे में फंसी है. तनाव के वक्त विदेशी सैटेलाइट नेटवर्क का कंट्रोल किसके हाथ में होगा, इस चिंता ने स्वदेशी नेटवर्क की जरूरत को काफी मजबूत कर दिया है.

सैटेलाइट बनाने से ज्यादा मुश्किल है उन्हें लॉन्च करना

इस सेक्टर के जानकारों का मानना है कि सैटेलाइट बनाने से कहीं बड़ी चुनौती उन्हें अंतरिक्ष में लॉन्च करने की क्षमता है. पर्याप्त पैसा लगाकर फैक्ट्रियों में सैटेलाइट का निर्माण तो बढ़ाया जा सकता है, लेकिन हजारों सैटेलाइट्स को अंतरिक्ष में भेजने के लिए रॉकेट लॉन्च की संख्या को बहुत ज्यादा बढ़ाना होगा. इसके साथ ही अंतरिक्ष में सही जगह मिलना भी जरूरी है.

सैटेलाइट बनाने वाली कंपनी HEX20 के सीईओ अमल चंद्रन के मुताबिक, बड़े पैमाने पर निर्माण करना संभव है. लेकिन अगर इस नेटवर्क को भारतीय रॉकेट्स के जरिए ही स्थापित करने की योजना है, तो असली चुनौती ये सुनिश्चित करना होगी कि सैटेलाइट्स को तय कक्षा में पहुंचाने के लिए भारत में पर्याप्त संख्या में रॉकेट लॉन्च हो सकें.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply