उत्तर प्रदेश के उन्नाव में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं. यहां हल्दी और मेहंदी की रस्म के दौरान एक युवक की सांप के डसने से मौत हो गई. घर में डीजे पर नागिन डांस चल रहा था. इसी दौरान अचानक एक असली जहरीला सांप डांस कर रहे लोगों के पास पहुंच गया. युवक ने सांप को पकड़कर बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन यही कोशिश उसकी जान पर भारी पड़ गई. सांप ने उसके हाथ में डस लिया. हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. घटना अजगैन कस्बे की है.

अजगैन कस्बे के रहने वाले देवराज द्विवेदी के घर उनकी बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं. इसी सिलसिले में बुधवार रात घर पर हल्दी और मेहंदी की रस्म के साथ लेडीज संगीत का कार्यक्रम रखा गया था. इस आयोजन में परिवार के सदस्यों के अलावा रिश्तेदार और आसपास के लोग भी शामिल हुए थे. घर में डीजे बज रहा था और लोग नाचगाकर शादी का जश्न मना रहे थे. इसी दौरान एक ऐसी घटना हुई, जिसने पूरे माहौल को बदल दिया.
नागिन डांस के बीच अचानक आ गया असली सांप
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, डीजे पर नागिन डांस की धुन बज रही थी. इस गाने पर 25 वर्षीय अर्जुन समेत कई लोग डांस कर रहे थे. तभी अचानक डांस फ्लोर के पास एक सांप रेंगता हुआ दिखाई दिया. शुरुआत में लोगों को लगा कि यह किसी तरह का मजाक या डांस का हिस्सा है. हालांकि, कुछ ही देर में पता चला कि वहां असली सांप मौजूद है. यह देखते ही कार्यक्रम में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. लोग अपनी जान बचाने के लिए इधरउधर भागने लगे.
सांप को पकड़कर बाहर फेंकने की कोशिश की
इस दौरान अर्जुन ने हिम्मत दिखाते हुए सांप को उसकी पूंछ की तरफ से पकड़ लिया. वह उसे हाथ में दबाकर घर से बाहर ले जाने लगा, ताकि किसी दूसरे व्यक्ति को नुकसान न पहुंचे. इसी दौरान सांप ने पलटकर अर्जुन के हाथ में डस लिया.
सांप के डसने के बाद अर्जुन की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी. उसकी हालत देखकर परिजन घबरा गए और बिना देरी किए उसे नजदीकी स्थानीय डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे.
लखनऊ ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
स्थानीय डॉक्टर ने अर्जुन की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बड़े अस्पताल में ले जाने की सलाह दी. इसके बाद परिजन उसे तत्काल लखनऊ लेकर पहुंचे. हालांकि, वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
अर्जुन की मौत की खबर मिलते ही शादी वाले घर में चीखपुकार मच गई. जिस घर में कुछ देर पहले तक गीतसंगीत और नाचगाना चल रहा था, वहां मातम पसर गया.
3 भाइयों और तीन बहनों में सबसे बड़ा था अर्जुन
25 वर्षीय अर्जुन अपने तीन भाइयों और तीन बहनों में सबसे बड़ा था. वह परिवार की जिम्मेदारियों में भी हाथ बंटाता था. उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. बेटे की मौत के बाद मां गीता और दूसरे परिजनों का रोरोकर बुरा हाल है. शादी की तैयारियां भी इस घटना के बाद प्रभावित हुई हैं.


