
नागौर: राजस्थान के नागौर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर पारिवारिक संपत्ति विवाद ने बेहद खौफनाक और हिंसक रूप ले लिया। कॉलेज रोड स्थित स्पाइस होटल के पास रहने वाले एक युवक ने अपने ही पिता पर 10 से 15 हथियारबंद बदमाशों के साथ मिलकर घर पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के दौरान हमलावरों द्वारा की गई तलवारबाजी, तोड़फोड़ और मारपीट की पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
पहले गाड़ी से कुचलने की कोशिश, फिर घर में घुसकर हमला
पीड़ित यश चौधरी ने पुलिस को बताया कि वह अपने भाइयों के साथ घर के बाहर बैठा था, तभी एक बिना नंबर की थार समेत दो गाड़ियां तेज रफ्तार में वहां आकर रुकीं। गाड़ियों से उतरे बदमाशों के हाथों में तलवार, फरसे, लोहे के सरिये और पिस्टल थीं। आरोप है कि बदमाशों ने पहले तो युवकों को गाड़ी से कुचलने का प्रयास किया, जिससे एक युवक के पैर में चोट आई। जब जान बचाने के लिए सभी भाई घर के अंदर भागे, तो हमलावर मुख्य दरवाजा तोड़कर भीतर घुस गए।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घर में घुसकर हमलावरों ने उन पर पिस्टल से फायर करने की कोशिश की, लेकिन गनीमत रही कि हथियार मिसफायर हो गया और एक बड़ा हादसा टल गया। इसके बाद बेखौफ बदमाशों ने घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो, बुलेट मोटरसाइकिल सहित अन्य वाहनों को लाठी-सरियों से पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। हमलावरों ने घर और दुकान के शीशे तोड़ते हुए घरेलू सामान को भी तहस-नहस कर डाला।
पीड़ित यश चौधरी ने बताया कि पैतृक संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है और पिछले करीब डेढ़ महीने से उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। घटना के बाद आरोपी 24 घंटे के भीतर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की गंभीरता को देखते हुए सहायक पुलिस अधीक्षक जतिन कुमार पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में साफ तौर पर कुछ लोग तलवार, सरिये और पिस्टल लहराते हुए घर में घुसकर तोड़फोड़ करते नजर आ रहे हैं।
पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी पिता और अज्ञात बदमाशों के खिलाफ जानलेवा हमला, आर्म्स एक्ट और तोड़फोड़ सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमों का गठन कर छापेमारी शुरू कर दी गई है।



