IndiaTrendingUttar Pradesh

बदरीनाथ धाम में चढ़ावे पर उठे सवाल, दान में गड़बड़ी के आरोपों की जांच शुरू; कर्मचारियों से मांगा स्पष्टीकरण

नई दिल्ली/उत्तरकाशी : अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े विवाद के बीच अब उत्तराखंड के प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम में भी दान और चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के आरोप सामने आए हैं। सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर कई दावे किए जा रहे हैं। आरोपों को गंभीरता से लेते हुए बदरीनाथकेदारनाथ मंदिर समिति ने तत्काल जांच के आदेश दिए हैं।

बदरीनाथ धाम में चढ़ावे पर उठे सवाल, दान में गड़बड़ी के आरोपों की जांच शुरू; कर्मचारियों से मांगा स्पष्टीकरण

बीकेटीसी के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के लिए एक जांच समिति गठित कर दी गई है। आरोपों से जुड़े कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है और यदि जांच में कोई भी कर्मचारी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हेमंत द्विवेदी ने सोशल मीडिया पर चल रहे उस दावे का भी खंडन किया, जिसमें एक कर्मचारी को उनका “निजी सचिव” बताया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित व्यक्ति उनका निजी सचिव नहीं, बल्कि बदरीनाथकेदारनाथ मंदिर समिति का नियमित कर्मचारी है। उन्होंने कहा कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

समिति के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने बताया कि 2 जुलाई से वायरल हो रहे इस मामले की शिकायत मिलने के बाद बदरीनाथ मंदिर परिसर के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। हालांकि फुटेज पूरी तरह स्पष्ट नहीं हैं, फिर भी मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि सभी उपलब्ध साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और संबंधित लोगों के बयानों के आधार पर रिपोर्ट तैयार करने के लिए एक आंतरिक जांच टीम का गठन किया जा रहा है।

रांगड़ ने कहा कि यदि जांच में किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता या चढ़ावे में गड़बड़ी सामने आती है तो श्री बदरीनाथकेदारनाथ मंदिर समिति अधिनियम, 1939 तथा कर्मचारी आचरण नियमावली के तहत दोषियों के खिलाफ कड़ी विभागीय और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

समिति ने श्रद्धालुओं और आम लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने तक किसी भी अपुष्ट या भ्रामक जानकारी को साझा करने से बचें और आधिकारिक जांच रिपोर्ट का इंतजार करें।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply