नई दिल्ली : उत्तरी दिल्ली के नरेला क्षेत्र में एक प्रॉपर्टी डीलर की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन अपराधियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बताया कि यह अपराधी हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़े हुए हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है।

रोहिणी के डीसीपी शशांक जायसवाल ने पत्रकारों को बताया कि दो अपराधियों पर पचासपचास हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस को सूचना मिली थी कि वांछित आरोपी मोटरसाइकिल पर कथित तौर पर किसी अपराध को अंजाम देने के लिए जा रहे हैं। इसके बाद स्पेशल स्टाफ रोहिणी की टीम ने जाल बिछाया और संदिग्धों को पकड़ने के लिए उस जगह पर तैनात हो गई।
जैसे ही तीनों व्यक्ति मोटरसाइकिल पर पहुंचे, पुलिसकर्मियों ने उन्हें सरेंडर करने के लिए कहा और उन्हें पकड़ने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस के निर्देशों का पालन करने के बजाय, संदिग्धों ने कथित तौर पर पुलिस पार्टी पर गोलीबारी शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसके दौरान दो अपराधियों के पैरों में गोली लगी। घायल संदिग्धों को काबू में करके पकड़ा गया और फिर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
डीसीपी ने बताया कि अपराधियों ने लगभग 11 से 12 राउंड गोली चलाई, जबकि पुलिस टीम ने छह राउंड गोली चलाई। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ के दौरान दो अपराधी गोली लगने से घायल हो गए। वहीं, पुलिसकर्मी बुलेटप्रूफ जैकेट पहनने के चलते बचे हैं। उन्होंने कहा कि हमारे इंस्पेक्टर और उनकी टीम ने तीनों व्यक्तियों को पकड़ लिया। उनमें से एक नाबालिग है, जबकि अन्य दो दीपक और नितिन हैं। जांच चल रही है।
बता दें कि नरेला क्षेत्र में 3 सितंबर को प्रॉपर्टी डीलर प्रमोद कुमार की हत्या की गई थी। वह हरियाणा के सोनीपत जिले के राई के अंतर्गत आने वाले नाहरी गांव का रहने वाला था। प्रमोद को नरेला के बांकनेर में जिम के बाहर गोली मारी गई। बताया गया कि तीन अज्ञात हमलावरों ने प्रमोद की हत्या की वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। गोली लगने के कारण प्रमोद की मौके पर ही मौत हो गई थी।



