
ओडिशा के गंजाम जिले में एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज की 20 वर्षीय छात्रा के मौत मामले में पुलिस ने राज्य के परिवहन मंत्री बिभूति भूषण जेना के भतीजे को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर छात्रा को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगा है।
क्या है पूरा मामला?
शनिवार को एक कॉलेज हॉस्टल के कमरे में 20 साल की छात्रा का शव पंखे से लटका हुआ मिला। मृतका BCA की पढ़ाई कर रही थी और अपनी बहन और तीन अन्य सहेलियों के साथ हॉस्टल में रहती थी। गिरफ्तार किए गए आरोपी का नाम बिस्वजीत जेना (24 वर्ष) है। वह ओडिशा के परिवहन मंत्री का भतीजा है और मृतका का बॉयफ्रेंड बताया जा रहा है। बिस्वजीत भी उसी कॉलेज में बीसीए का छात्र है।
बताया जा रहा है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध था। छात्रा के मामा द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि रिश्ते में चल रहे विवाद के कारण छात्रा मानसिक तनाव में थी। छात्रा को शनिवार सुबह तुरंत ब्रह्मपुर स्थित एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बिस्वजीत पर उकसाने का आरोप
बेरहामपुर के पुलिस अधीक्षक (SP) सरवण विवेक ने बताया कि मृतक छात्र के मामा की रिपोर्ट के आधार पर गोलंथरा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। बिस्वजीत जेना के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया और इसके बाद जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, एक साइंटिफिक टीम और मजिस्ट्रेट ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की है। SP ने कहा कि महिला की मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही पता चलेगी। उन्होंने कहा, “जांच चल रही है और उचित कार्रवाई की जाएगी।”
मामले पर गरमाई सियासत
विपक्षी दल बीजू जनता दल (BJD) ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। बीजेडी के जिला अध्यक्ष रमेश चंद्र च्यौ पटनायक ने कहा, “आरोपी चाहे मंत्री का रिश्तेदार हो या कोई भी, कानून को अपना काम करना चाहिए और उसे सख्त सजा मिलनी चाहिए।” वहीं, बीजेपी के जिला अध्यक्ष सरोज सबत ने कहा है कि पुलिस पूरी ईमानदारी से मामले की जांच कर रही है और सच सामने आ जाएगा।



