क्या आप जानते हैं कि हमारा मस्तिष्क शरीर की कुल ऊर्जा का लगभग 20% अकेले इस्तेमाल करता है? यही वजह है कि हम जो खाते हैं, उसका सीधा असर हमारी याददाश्त, एकाग्रता और मानसिक स्पष्टता पर पड़ता है। जिस तरह दिल को सही तरीके से काम करने के लिए पोषक तत्वों की जरूरत होती है, उसी तरह मस्तिष्क को भी बेहतर कार्यक्षमता बनाए रखने के लिए संतुलित और पोषक आहार की आवश्यकता होती है। NYU Langone Hospital, Brooklyn में न्यूरोलॉजी के प्रमुख डॉ. आरोन लॉर्ड ने New York Post को बताया कि पोषक तत्वों से भरपूर डाइट दिल, रक्त वाहिकाओं और ब्रेन हेल्थ को स्वस्थ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। डॉ. लॉर्ड के अनुसार, हमारे शरीर में बहने वाले कुल रक्त का लगभग 25% हिस्सा मस्तिष्क तक पहुंचता है। उनका कहना है कि हमारी डाइट का सीधा प्रभाव मस्तिष्क की कार्यक्षमता पर पड़ता है।

ब्रेन हेल्थ को बेहतर बनाए रखने के लिए न्यूरोलॉजिस्ट कुछ खास खाद्य पदार्थों को अपनी डाइट में शामिल करने की सलाह देते हैं। ये फूड्स न केवल दिमाग को उम्र के असर से बचाने में मदद कर सकते हैं, बल्कि याददाश्त और फोकस को भी मजबूत बना सकते हैं। आइए जानते हैं ऐसे 5 सुपरफूड्स के बारे में, जो आपके मस्तिष्क को तेज और हेल्दी बनाए रखने में मददगार हो सकते हैं।
जंगली मछली खाएं
न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. आरोन लॉर्ड के मुताबिक सैल्मन, ग्रूपर और हैलिबट जैसी फैटी फिश दिमाग के लिए बेहद फायदेमंद होती हैं। इनमें ओमेगा3 फैटी एसिड मौजूद होता है, जो सूजन कम करने और ब्रेन फंक्शन बेहतर बनाने में मदद करता है। डॉक्टर का कहना है कि संभव हो तो जंगली यानी वाइल्डकॉट मछली खानी चाहिए, क्योंकि इनमें पोषण ज्यादा होता है। नियमित रूप से ऐसी मछली खाने से याददाश्त और दिमागी सेहत को सपोर्ट मिल सकती है। Neurology जर्नल में प्रकाशित एक रिसर्च के अनुसार, जो लोग हफ्ते में कम से कम एक बार फैटी फिश खाते हैं, उनके मस्तिष्क में ‘ग्रे मैटर’ का घनत्व अधिक होता है। सैल्मन मछली में ओमेगा3 का स्तर फार्म वाली मछलियों से अधिक होता है। यह मस्तिष्क की कोशिकाओं के बीच संचार सुधारता है और अल्जाइमर के जोखिम को कम करता है।
हरी पत्तेदार सब्जियां खाते हैं न्यूरोलॉजिस्ट
हरी पत्तेदार सब्जियां दिमाग और शरीर दोनों के लिए फायदेमंद मानी जाती हैं। डॉ. लॉर्ड के अनुसार इनमें फाइबर, फोलेट, ल्यूटिन और बीटाकैरोटीन जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। बुक चॉय, एस्पैरागस और ब्रोकोली उनकी पसंदीदा सब्जियां हैं। इन्हें स्टीम, ब्लांच या हल्का सॉते करके खाना बेहतर माना जाता है। इसमें मौजूद फाइबर आंतों के माइक्रोबायोम को स्वस्थ रखने में मदद करता है, जिसका सकारात्मक असर ब्रेन हेल्थ पर भी पड़ता है।
टमाटर भी ब्रेन के लिए जरूरी
टमाटर लाइकोपीन नामक शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होते हैं, जो दिमाग को ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस और सूजन से बचाने में मदद कर सकते हैं। डॉ. लॉर्ड का कहना है कि टमाटर ब्रेन हेल्थ के लिए बेहद अच्छे हैं। इन्हें सलाद, सॉस या जैतून के तेल और तुलसी के साथ स्नैक्स के रूप में खाया जा सकता है। नियमित सेवन न्यूरो डीजेनरेशन यानी उम्र के साथ दिमागी कमजोरी के खतरे को कम करने में सहायक माना जाता है। फिनलैंड में हुई एक लंबी रिसर्च के अनुसार जिन पुरुषों के रक्त में लाइकोपीन का स्तर सबसे अधिक था, उनमें स्ट्रोक का खतरा 55% तक कम पाया गया। टमाटर का लाइकोपीन दिमाग की धमनियों में सूजन को रोकता है।
अखरोट और बेरीज खाएं
अखरोट और ब्लूबेरी दिमाग के लिए सुपर फूड माने जाते हैं। अखरोट में ओमेगा3 फैटी एसिड अच्छी मात्रा में पाया जाता है, जो ब्रेन हेल्थ को सपोर्ट करता है। वहीं ब्लूबेरी में फ्लेवोनॉयड्स होते हैं, जो एंटीऑक्सीडेंट और एंटीइंफ्लेमेटरी गुणों से भरपूर हैं। डॉ. लॉर्ड इन्हें नाश्ते में ओट्स के साथ खाने की सलाह देते हैं। यह कॉम्बिनेशन तनाव के असर को कम करने और याददाश्त को बेहतर बनाए रखने में मदद कर सकता है। हार्वर्ड हेल्थ की रिपोर्ट के अनुसार, MIND डाइट जिसमें नट्स और बेरीज का शामिल होना जरूरी है, का सेवन करने से अल्जाइमर का खतरा 53% तक कम हो सकता है। ब्लूबेरी के ‘एंथोसायनिन’ याददाश्त तेज करते हैं, जबकि अखरोट का ‘अल्फालिनोलेनिक एसिड’ एकाग्रता बढ़ाता है।
कॉफी और चाय पिएं
डॉ. लॉर्ड लगभग हर दिन चाय पीते हैं और मानते हैं कि चाय और कॉफी दोनों दिमाग के लिए फायदेमंद हो सकती हैं। इनमें फ्लेवोनॉयड्स और फाइटोन्यूट्रिएंट्स पाए जाते हैं, जो ब्रेन मेटाबॉलिज्म को सपोर्ट करते हैं। साथ ही इनमें मौजूद कैफीन ध्यान केंद्रित करने और मानसिक सतर्कता बढ़ाने में मदद कर सकता है। कुछ रिसर्च के अनुसार सीमित मात्रा में कॉफी और चाय का सेवन डिमेंशिया के खतरे को कम करने में भी सहायक हो सकता है। कई रिसर्च में ये बात साबित हो चुकी है कि कॉफी में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट मस्तिष्क की कोशिकाओं को ‘ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस’ से बचाते हैं और ब्रेन की हेल्थ में सुधार करते हैं।
डिस्क्लेमर: यह जानकारी केवल सामान्य जागरूकता और हेल्थ एजुकेशन के उद्देश्य से दी गई है। किसी भी फूड या डाइट को बीमारी के इलाज का विकल्प न मानें। यदि आपको एलर्जी, डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, हार्ट डिजीज या कोई अन्य स्वास्थ्य समस्या है, तो अपनी डाइट में बदलाव करने से पहले डॉक्टर या योग्य न्यूट्रिशन एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।



