TrendingUttar Pradesh

​UP Handball Association में नया प्रशासनिक ढांचा तैयार, अमित पांडेय को बनाया कार्यकारी अध्यक्ष

​UP Handball Association में नया प्रशासनिक ढांचा तैयार, अमित पांडेय को बनाया कार्यकारी अध्यक्ष

लखनऊ, अमृत विचार: राष्ट्रीय खेल शासन अधिनियम, 2025 की भावना के अनुरूप उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन ने अपने प्रशासनिक ढांचे में बड़ा बदलाव किया है। खेल प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के साथ खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए एसोसिएशन की वार्षिक आमसभा में चार बोर्ड और दो एथलीट कमीशन गठित किए गए। इसी नई व्यवस्था के तहत अमित पाण्डेय को एक बार फिर कार्यकारी महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

लखनऊ में आयोजित एजीएम में एसोसिएशन के चेयरमैन डॉ. सुधीर एम. बोबडे और अध्यक्ष अलका दास वर्चुअली शामिल हुए। महासचिव डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय ने कहा कि नए खेल शासन कानून की भावना के अनुरूप खेल संगठनों की प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जाना जरूरी है। खिलाड़ियों को संगठन में प्रभावी मंच देने के साथ कोचिंग, चयन, तकनीकी और रेफरी व्यवस्था को मजबूत करना एसोसिएशन की प्राथमिकता है।

अमित पाण्डेय को कार्यकारी महासचिव की जिम्मेदारी सौंपे जाने को उनके संगठनात्मक अनुभव पर भरोसे के तौर पर देखा जा रहा है। उन्हें प्रदेश में हैंडबॉल गतिविधियों को गति देने, विभिन्न बोर्डों के बीच समन्वय स्थापित करने और खिलाड़ियों और एसोसिएशन के बीच संवाद को मजबूत करने की जिम्मेदारी दी गई है। डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय ने बताया कि मौजूदा कार्यकाल पूरा होने के बाद होने वाले संगठनात्मक गठन में प्रदेश महासचिव पद के लिए अमित पाण्डेय के नाम का प्रस्ताव किया जाएगा।

चार बोर्ड और दो एथलीट कमीशन गठित

एसोसिएशन ने विशेषज्ञता आधारित प्रशासन के लिए चार बोर्ड गठित किए हैं। कोचिंग बोर्ड के अध्यक्ष मोहम्मद तौहीद और संयोजक मोहम्मद इरफान होंगे। तकनीकी बोर्ड की कमान अध्यक्ष डॉ. संदीप गुप्ता और संयोजक डॉ. देवेश को दी गई है। चयन बोर्ड के अध्यक्ष संजय राय और संयोजक डॉ. सुमंत पांडेय होंगे, जबकि रेफरी बोर्ड के अध्यक्ष परमिंदर सिंह और संयोजक शम्स तबरेज शम्पू बनाए गए हैं।

खिलाड़ियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए महिला और पुरुष एथलीट कमीशन भी गठित किए गए हैं। महिला एथलीट कमीशन की अध्यक्ष ज्योति शुक्ला और संयोजक मंजुला पाठक होंगी। पुरुष एथलीट कमीशन की जिम्मेदारी अध्यक्ष सचिन भारद्वाज और संयोजक मोहित यादव संभालेंगे। एसोसिएशन के अनुसार नए ढांचे से प्रशासन में विशेषज्ञता बढ़ने के साथ खिलाड़ियों की समस्याओं, सुझावों और जरूरतों को संगठन के निर्णयों में प्रभावी तरीके से शामिल किया जा सकेगा।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply