
जब दुनिया में किसी विशाल पुल, गगनचुंबी इमारत या आधुनिक रेलवे स्टेशन के निर्माण की बात होती है, तो अधिकांश देशों में परियोजना को मंजूरी मिलने, बजट तय होने और विभिन्न प्रशासनिक प्रक्रियाओं को पूरा करने में ही कई वर्ष निकल जाते हैं। कई जगह तो एक साधारण सड़क या छोटे रेलवे स्टेशन का निर्माण भी लंबे समय तक अधूरा रहता है। इसके विपरीत, चीन ने अपनी तेज निर्माण क्षमता और आधुनिक इंजीनियरिंग के दम पर ऐसे कई प्रोजेक्ट पूरे किए हैं, जिन्होंने दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा है।
आठ मंजिला बना स्टेशन
इसी कड़ी में चीन के दक्षिण-पश्चिमी शहर चोंगकिंग में तैयार किया गया चोंगकिंग ईस्ट रेलवे स्टेशन विशेष चर्चा का विषय बना हुआ है। लगभग 12.2 लाख वर्ग मीटर क्षेत्र में फैला यह स्टेशन दुनिया के सबसे बड़े रेलवे स्टेशनों में गिना जाता है। इसका आकार लगभग 170 फुटबॉल मैदानों के बराबर बताया जाता है। यह स्टेशन कई प्रसिद्ध रेलवे स्टेशनों से कहीं अधिक विशाल है और इसकी आठ मंजिला संरचना के ऊपर लगभग 16,500 टन स्टीलसे निर्मित विशाल छत लगाई गई है, जो इसे आधुनिक वास्तुकला का अनूठा उदाहरण बनाती है।
पहाड़ काटकर तैयार हुई जमीन
इस परियोजना की सबसे उल्लेखनीय बात इसका निर्माण स्थल है। चोंगकिंग का इलाका पथरीले और ऊबड़-खाबड़ पहाड़ी रास्तों के लिए पूरी दुनिया में जाना जाता है, जहां बड़े पैमाने पर निर्माण कार्य करना बेहद चुनौतीपूर्ण माना जाता है। बता दें कि इंजीनियरों ने पहले पहाड़ी क्षेत्र को नियंत्रित विस्फोटों की सहायता से समतल किया और उसके बाद आधुनिक मशीनों तथा भारी निर्माण उपकरणों की मदद से स्टेशन की नींव तैयार की। इस विशाल परियोजना में लगभग 20 लाख घन मीटर कंक्रीट और 3.66 लाख टन स्टील का उपयोग किया गया।
38 महीनों में तैयार हुआ स्टेशन
निर्माण कार्य को तेज गति से पूरा करने के लिए हजारों श्रमिकों के साथ अत्याधुनिक मशीनों और स्वचालित तकनीकों का इस्तेमाल किया गया। करीब 40,000 कर्मचारियों की टीम ने दिन-रात काम करते हुए इस स्टेशन का निर्माण लगभग 38 महीनों में पूरा किया। इतनी कम अवधि में इतने बड़े पैमाने का रेलवे स्टेशन तैयार होना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि माना जाता है।
स्टेशन में बनाए गए 29 प्लेटफॉर्म और 15 रेलवे ट्रैक
स्टेशन में 29 प्लेटफॉर्म और 15 रेलवे ट्रैक बनाए गए हैं, जिन्हें चीन की हाई-स्पीड ट्रेनों की जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। लगभग 400 मीटर लंबे प्लेटफॉर्म एक समय में बड़ी संख्या में यात्रियों की आवाजाही संभाल सकते हैं। अनुमान है कि व्यस्त समय में यहां से हर घंटे 16,000 से अधिक यात्री आसानी से आ-जा सकते हैं।
आधुनिक इंजीनियरिंग का बना वैश्विक उदाहरण
चोंगकिंग ईस्ट रेलवे स्टेशन केवल एक परिवहन केंद्र नहीं, बल्कि आधुनिक इंजीनियरिंग, विशाल निर्माण क्षमता और सुव्यवस्थित परियोजना प्रबंधन का उदाहरण भी है। इस परियोजना ने यह दिखाया है कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में भी उन्नत तकनीक और प्रभावी योजना के माध्यम से बड़े स्तर की आधारभूत संरचना विकसित की जा सकती है।



