
बिहार के सीतामढ़ी इलाके में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है. महिला की मौत से ठीक एक दिन पहले पति-पत्नी में जोरदार झगड़ा हुआ था. वहीं ये भी कहा जा रहा है कि पुरुष की पांचवीं शादी है.
Bihar Crime News: बिहार के सीतामढ़ी जिले के रुन्नीसैदपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. कहा जा रहा है कि महिला की सात महीने पहले ही शादी हुई थी. अब संदिग्ध परिस्थितियों में नवविवाहिता की मौत हो गई है. उसके घर के कमरे में ही उसका शव मिला. इस वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. पत्नी की मौत के बाद उसका पति मौके से फरार हो गया है.
शादी के सात महीने बाद हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, मृतका का नाम शबनम है, जो पूर्णिया जिले के बोचगांव निवासी मुख्तार आलम की पुत्री थीं. शबनम ने करीब सात महीने पहले खड़का गांव निवासी मोहम्मद किफायत के बेटे मोहम्मद सगीर राइन उर्फ टुन्ना से शादी की थी. दोनों ने घर से भागकर लव मैरिज की थी. शादी के बाद दोनों घर में अकेले रहते थे.
मौत से पहले हुई लड़ाई
कहा जा रहा है कि शबनम की मौत से ठीक एक दिन पहले पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था. विवाद के अगले ही दिन संदिग्ध अवस्था में शबनम का शव घर में मिला. सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत रुन्नीसैदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सीतामढ़ी भेजा गया.
आरोपी की पांचवीं शादी
इसी बीच ये चर्चा भी जोरों पर है कि मोहम्मद सगीर राइन उर्फ टुन्ना की ये पांचवीं शादी थी. हालांकि अभी तक इस बारे में पुलिस ने आधिकारिक रूप से कोई बात नहीं कही है. घटना के बाद से आरोपी पति भी फरार है. पुलिस उसे गिरफ्तार करने के लिए टीम गठित कर छापेमारी कर रही है. आरोपी पति की गिरफ्तारी और पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही मामले का पता चल सकेगा और मौत का सटीक कारण पता चल सकेगा.


