मुंबई : अभिनेता राघव जुयाल अपनी शानदार कॉमिक टाइमिंग और चुलबुले अंदाज के लिए बेहद लोकप्रिय हैं। वह अक्सर अपनी हास्यपूर्ण शैली और बेमिसाल डांस से दर्शकों का मनोरंजन करते हैं। राघव की सहकलाकार अभिनेत्री निकी वालिया ने उनकी की तुलना ‘मोगली’ से की।

दरअसल, राघव जुयाल स्टारर आगामी कॉमेडी ड्रामा फिल्म ‘भाई तेरा स्टार है’ में निक्की वालिया ‘मैंडी’ नाम की एक बिंदास, लंदन में रहने वाली पंजाबी महिला का किरदार निभा रही हैं।
अभिनेत्री निक्की वालिया ने राघव के साथ काम करने के अनुभव को याद करते हुए बताया कि उनके साथ काम करना काफी मजेदार रहा। उन्होंने बताया, “राघव जुयाल मुझे ‘डांस इंडिया डांस’ के दिनों से पसंद हैं। पहले वे एक डांसर के रूप में पसंद आए, फिर एंकर और एक एक्टर के तौर पर। राघव के बारे में मुझे जो बात पसंद है, वह यह है कि वह हमेशा बदलते रहते हैं। उन्हें सेट पर परफॉर्म करते देखना ही एक खुशी थी।”
उन्होंने आगे कहा, “जब मैंने उनकी सीरीज ‘बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ देखी, तो मैं उनसे मिली, उन्हें गले लगाया और बधाई दी। मैंने राघव से कहा कि मेरे हिसाब से, पूरी सीरीज में वह सबसे शानदार एक्टर थे। इसके बाद मुझे उनके साथ ही फिल्म में काम करने का मौका मिल गया। यह मेरे लिए एक बहुत ही बेहतरीन और सुखद अहसास था।”
अभिनेत्री ने बताया कि राघव काफी मिलनसार व्यक्ति हैं, उनसे मिलने के बाद आप ये महसूस करेंगे कि आप उन्हें काफी पहले से जानते हैं। उन्होंने कहा, “गीता मां हम दोनों की कॉमन दोस्त हैं। राघव उन्हें बहुत मानते हैं और वह जानते हैं कि मैं उनके कितने करीब हूं। बातचीत के दौरान हमने गीता मां के बारे में भी बात की थी और इससे सब कुछ आसान हो गया था और सेट पर हमारा तालमेल अपने आप अच्छा बन गया था।”
अभिनेत्री ने बताया कि शूटिंग के बाद भी दोनों की दोस्ती बरकरार है। उन्होंने कहा, “सेट के बाहर भी हम मजे करते थे। साथ में डिनर करना और पैकअप के बाद साथ बैठकर बातें करना। राघव बहुत दिलदार व्यक्ति हैं। मैं हमेशा कहती हूं कि वे मोगली जैसे हैं। आज के समय में ऐसा व्यक्तित्व का व्यक्ति मिलना मुश्किल है, जो इतना सच्चा हो और यही बात उनको खास बनाती है।”
‘भाई तेरा स्टार है’ में राघव और निक्की के अलावा, फिल्म में संजय कपूर, बरखा सिंह, निहारिका एनएम, चंदन रॉय सान्याल मुख्य भूमिकाओं में हैं।
विवेक बी. अग्रवाल के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म को सुदीप्तो सरकार और विवेक बी. अग्रवाल ने लिखा है और अवंतिका हरि, सुनील रूपानी और विवेक बी. अग्रवाल ने इसे प्रोड्यूस किया है। यह 30 जुलाई को रिलीज होगी।



